संभल: भरभरा कर गिरी छत, मलबे में दब कर वृद्धा की मौत...अकेली रहती थी महिला
कोतवाली क्षेत्र के गांव करेली में हुई घटना, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर की जानकारी
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव करेली में गुरुवार की रात कमरे में सो रही वृद्धा के ऊपर छत गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को जाग होने पर घटना की जानकारी हुई। रिश्तेदारों ने ग्रामीणों की मदद से छत का मलबा हटाकर महिला का शव बाहर निकाला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। महिला अपने मायके में अकेली रहती थी।
जनपद मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र के गांव जसदपुर निवासी नत्थो 60 वर्ष पत्नी स्व. जोगराज पिछले चार वर्ष से अपने मायके कोतवाली क्षेत्र के गांव करेली में रहती थी। जबकि उसका पुत्र गांव जसदपुर में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहता है। महिला के पास उसकी दो विवाहिता पुत्री कृष्णा व ऊषा आती जाती रहती हैं। महिला एक कमरे में रहती थी। उसकी छत सीमेंट के गाटर- पटिया से बनी थी। गुरुवार की रात महिला भोजन करने के बाद कमरे में जाकर सो गई।
इस बीच रात किसी समय छत गिरी गई और महिला की मलबे में दबने से मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह छह बजे गांव में माह माघ की प्रभात फेरी निकल रही थी। उसी समय पड़ोस में रहने वाले सुरेश कुमार की पुत्री गुंजन घर के बाहर आई, तो देखा की महिला के कमरे की छत गिरी हुई थी। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और गांव निवासी महिला के रिश्ते के भतीजे घेरपाल को बुलाया।
इसके बाद रिश्तेदारों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मलबा हटाया तो महिला का शव चारपाई पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर मृतका का पुत्र व पुत्री भी मौके पर पहुंच गई । घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों के कहने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के माता-पिता की मृत्यु के बाद वह मायके वाले मकान में रहने लगी थी।
