अयोध्या: दुष्कर्म का मुकदमा वापस न लेने पर युवक की हत्या
अयोध्या, अमृत विचार। कैंट थाना क्षेत्र में दुष्कर्म का मुकदमा वापस न लेने पर युवक की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या का आरोप पड़ोस में रहने वाले दुष्कर्म के आरोपी के परिजनों पर लगा है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर बलात्कार के आरोपी के घर के 6 लोगों …
अयोध्या, अमृत विचार। कैंट थाना क्षेत्र में दुष्कर्म का मुकदमा वापस न लेने पर युवक की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या का आरोप पड़ोस में रहने वाले दुष्कर्म के आरोपी के परिजनों पर लगा है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर बलात्कार के आरोपी के घर के 6 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि दुष्कर्म का आरोपी इस समय जेल में बंद है।
मुमताज नगर गांव में युवक पुनीत का शव उसके दूसरे खाली घर में लटका मिला। युवक के परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी का आरोप है कि बलात्कार का मुकदमा वापस लेने के लिए आरोपी के परिजन उसे धमकी दे रहे थे। उसका पति गांव के ही दूसरे खाली घर को देखने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस दौरान सूचना मिली कि उसके पति का शव उसके घर के कमरे में ही लटक रहा है।
बताते चलें कि 25 जुलाई 2020 को मृतक की पत्नी के साथ बंद कमरे में पड़ोस के युवक ने बलात्कार किया था। पीड़ित महिला का कहना है कि उसके बेटे की हत्या करने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया गया था। आरोपी गोलू ने उसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया था। बलात्कार का आरोपी गोलू इस समय जेल में बंद है।
वहीं पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी के दो भाई, पिता व मां समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है।
