अयोध्या : कोटेदार के विरुद्ध ग्रामीणों ने सीडीओ को घेरा, कार्रवाई का मिला आश्वासन
सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार। विकास खंड सोहावल के पिलखांवा गांव से आए पचास से ज्यादा ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज को घेर कर शिकायत दर्ज कराई।
आरोप लगाया कि कोटेदार ने दबंगई के बल पर तीन महीने अंगूठा लगवाया लेकिन राशन नहीं दिया। बोलने पर आमादा फौजदारी हो धमकी देता है। दो वर्ष पहले इसी तरह की गड़बड़ी करने पर इसकी दुकान निलंबित कर दी गई थी लेकिन विभाग ने कुछ महीने बाद ही बहाल कर दिया। सीडीओ ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा इस माह अंगूठा मत लगाना। कोटेदार स्वयं कार्ड धारकों को खोजेगा। किसी के हिस्से का राशन हड़प नहीं सकता। जांच के लिए नियुक्त किए गए आपूर्ति निरीक्षक ने घंटों समझाया लेकिन बात नहीं बनी। बताया जल्द ही पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई तय होगी, दोषी बक्शे नहीं जायेंगे। प्रदर्शन में दुर्गेश, महेश, अनिल पाण्डेय, मीरा सोनू धर्मराज, पिंटू आदि ग्रामीण शामिल रहे।
