गोंडा बैंक लूट कांड का खुलासा, SP ने पुलिस टीम को दिया 25 हजार का इनाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस मुठभेड़‌ में आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए 8.54 लाख रुपये और बाइक बरामद 

गोंडा, अमृत विचार। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर हुई बैंक लूट की वारदात का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। लुटेरे की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने शुक्रवार की देर रात मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से पुलिस ने लूटे गए  8.54 लाख रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक, हंसिया व हेलमेट बरामद कर लिया है। एसपी ने खुलासा करने वाली एसओजी व नगर कोतवाली की पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है। 

शहर के सबसे हाई सिक्युरिटी जोन में स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की सिविल लाइन शाखा में बाइक सवार लुटेरे ने शुक्रवार की सुबह 11:30 बजे बैंक कैशियर श्वेता गौड़ के गर्दन पर हंसिया सटाकर 8.54 लाख रूपया लूट लिया था और फरार हो गया था। शहर के सबसे सुरक्षित समझे जाने वाले इलाके में हुई लूट कि वारदात से जिले में सनसनी फैल गई थी। देवीपाटन मंडल के डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था।

लुटेरे की धरपकड़ के लिए एसओजी समेत पांच पुलिस टीमों को लगाया गया था। खुद को पुलिस के शिकंजे में फंसता देख आरोपी लुटेरा फोरबिसगंज के पास सीडब्लूसी दफ्तर के सामने बाइक व नगदी छोड़कर फरार हो गया था। लूट की रकम व बाइक बरामद करने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। रात करीब 9:00 बजे एसओजी व नगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम से लुटेरे की मुठभेड़ हो गई। गोंडा लखनऊ हाईवे पर स्थित हारीपुर कुर्मियनपुरवा गांव के पुलिस टीम ने लुटेरे को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि लुटेरे ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए लुटेरे को धर दबोचा। इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है और वह घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

18 - 2024-02-03T175539.373

मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसपी विनीत जायसवाल ने पहले घटनास्थल और फिर अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। आरोपी की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के फोरबिसगंज पंतनगर के रहने वाले राकेश गुप्ता के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए  8.54 लाख रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक, हंसिया व हेलमेट बरामद कर लिया है। इस मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी सर्वजीत गुप्ता, साइबर सेल प्रभारी शादाब आलम, कांस्टेबल रणधीर सिंह, लोकेश नागर, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह और नगर कोतवाली टीम शामिल रही। एसपी ने खुलासा करने वाली एसओजी व नगर कोतवाली की पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।

ये भी पढ़ें -Lucknow triple murder : पाकिस्तान से गहरा नाता रखता है तीनों हत्याओं का आरोपी, नेपाल के रास्ते करता था काले कारोबार

संबंधित समाचार