बरेली: जालसाज ने दी धमकी, युवक ने खुद को गोली से उड़ाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जालसाजों की रुपये न देने की धमकी से परेशान शाहजहांपुर के युवक ने रिश्ते के नाना नानी के घर पर खुद को गोली मार ली। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। नाना-नानी ने आरोपियों के खिलाफ अब तक थाना प्रेमनगर में तहरीर नहीं दी है। मौके …

बरेली, अमृत विचार। जालसाजों की रुपये न देने की धमकी से परेशान शाहजहांपुर के युवक ने रिश्ते के नाना नानी के घर पर खुद को गोली मार ली। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। नाना-नानी ने आरोपियों के खिलाफ अब तक थाना प्रेमनगर में तहरीर नहीं दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नरकुलागंज विष्णु वाल सदन के पास रहने वाले रामप्रकाश ने बताया कि उनका धेवता रजत उर्फ मोनू पुत्र रजनीश शुक्ला (21) शाहजहांपुर के मोहल्ला कच्चा कटरा मोड़ पर रहता था। वहां पर उसका 30 लाख रुपये की कीमत का मकान था। रामप्रकाश के अनुसार रजत के माता पिता की मौत पहले ही हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि रजत की दादी थीं। कुछ माह पूर्व दादी बीमार हो गईं थीं। उनका इलाज कराने के लिए रजत ने वहीं के रहने वाले अपने दोस्त से मकान बेचने की बात कही। इस पर दोस्त स्वयं ही मकान खरीदने की बात कहने लगा। रामप्रकाश ने बताया कि रजत ने मकान बेचने का सौदा 20 लाख रुपये में तय कर दिया। इसके बाद उसके दोस्त ने उसे 1.50 लाख रुपये दे दिए और कुछ रकम बाद में देने को कहते हुए बैनामा करा लिया। भरोसा करके रजत ने मकान अपने दोस्त की मां के नाम कर दिया। रजत जब भी पैसे मांगता था।

तब दोस्त की मां कह देती की हर माह पांच हजार रुपये ले लिया करो। लेकिन रजत इस पर सहमत नहीं हुआ। उसने अपने बाकी 18.50 लाख रुपये मांगे। लेकिन रजत के दोस्त और उसकी मां ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद रजत बरेली चला आया। यहां आकर वह रुपये लेने के लिए शुक्रवार को घर से निकला, लेकिन इससे पहले उसने अपने दोस्त को फोन किया और बाकी की रकम देने को कहा। इसी दौरान गालीगलौज होने लगा। इसके बाद रजत ने तमंचा सीने पर रखकर गोली मार ली। रामप्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल ले जाते वक्त रजत ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

आरोपी को दी गाली और दगा लिया तमंचा
रामप्रकाश ने बताया कि जिस वक्त घटना हुई उस वक्त कमरे में थे। रजत घर से निकला और अपने दोस्त से रुपये मांगने की बात कही। उधर से उसके दोस्त ने धमकी दी कि रुपये नहीं देगा। इसी बात को लेकर गालीगलौज हुआ। तब रजत ने गोली अपने सीने पर चला दी।

पहले से ही तमंचा लेकर आया था
रामप्रकाश ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि रजत के पास तमंचा भी होगा। जब मकान के दरवाजे पर गोली की आवाज सुनी तो वह दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि रजत दरवाजे पर तड़प रहा है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया और वह उसे लेकर जिला अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। तमंचा कहां से लिया इसकी जानकारी होने से इनकार किया है।

“युवक शाहजहांपुर का रहने वाला रजत था। उसके साथ शाहजहांपुर में कुछ लोगों ने ठगी कर ली थी। वे लोग रुपये नहीं देना चाह रहे थे। जबकि उससे मकान का बैनामा करा लिया था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और उसने गोली मार ली।”–बलवीर सिंह – इंस्पेक्टर प्रेमनगर

संबंधित समाचार