बहराइच: मनरेगा मजदूरों को प्रशिक्षण देकर बनाया जायेगा कुशल श्रमिक, Training के बाद मिलेगा प्रमाण पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजू जायसवाल/बहराइच, अमृत विचार। जिले के 350 मनरेगा मजदूरों को कुशल श्रमिक बनाया जायेगा। इसके लिए उन्हें जीडीए और इलेक्ट्रिक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले इन श्रमिकों को आधुनिक भवनों के निर्माण में कोई दिक्कत नहीं होगी। कुशल श्रमिक बनने के लिए हाईस्कूल पास होना अनिवार्य है।

जिले में कुशल श्रमिकों का अभाव है। जिसके चलते आधुनिक भवन के निर्माण में काम करने या करवाने में दिक्कत होती है। इसको देखते हुए सरकार ने मनरेगा मजदूरों को प्रोजेक्ट उन्नति के तहत कुशल श्रमिक बनाने के निर्देश दिए हैं। मनरेगा के उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि सरकार के निर्देश पर जिले में काम करने वाले मनरेगा मजदूरों की पहचान की गई है।

उन्होंने बताया कि जिले के 14 विकास खंड से 100 श्रमिकों को चुना गया है। यह श्रमिक कौशल विकास मिशन में प्रशिक्षण लेंगे। इसके लिए सभी ने आवदेन किया है। उपायुक्त ने बताया कि मनरेगा मजदूरों को कुशल श्रमिक बनाने के लिए सभी को तीन माह का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके लिए कौशल विकास मिशन में इन सभी का नामांकन शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले इन श्रमिकों को प्रमाण पत्र दिया जायेगा। इसके बाद इन कुशल श्रमिकों को उनके हिसाब से ड्यूटी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि कुशल श्रमिकों के आय में वृद्धि होगी। साथ ही उनका कार्य भी अन्य श्रमिकों से अलग रहेगा। उन्होंने बताया कि जिले से 350 मनरेगा मजदूरों का कुशल श्रमिकों के लिए चयन होना है। 

इन ट्रेड में होगा प्रक्षिक्षण

मनरेगा के उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि कुशल श्रमिकों को कौशल विकास मिशन की ओर से जीडीए और इलेक्ट्रिक ट्रेड का प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह तीन माह का रहेगा। तीन माह के प्रशिक्षण के बाद प्रमाण पत्र वितरित किया जायेगा।

100 दिन काम करने वाले ही होंगे पात्र

कुशल श्रमिकों को कक्षा 10 की पढ़ाई पूरी होनी चाहिए। इसके साथ ही मनरेगा के तहत काम से कम 100 दिन काम करने का अनुभव हो। ऐसे श्रमिकों का ही कुशल श्रमिक के लिए चयन किया जा रहा है। ऐसे श्रमिकों को विभाग द्वारा स्वयं काम मुहैया कराया जायेगा..., केडी गोस्वामी उपायुक्त मनरेगा।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: कल पेश हो रहे बजट पर अमृत विचार से बोले व्यापारी, कहा- बजट में हमें भी जगह दो सरकार!

संबंधित समाचार