शाहजहांपुर: विरोधियों ने बजट को बताया निराशावादी, भाजपा ने कहा सर्वश्रेष्ठ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: प्रदेश में करीब 24 हजार करोड़ की नई योजनाओं से लैस बजट को प्रभु श्रीराम को समर्पित किया गया है। किसानों को खुश करने के लिए योगी-खन्ना की जोड़ी ने कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही तीन हजार रुपए मासिक पेंशन समेत आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का काम किया गया है। राजनीतिक दलों ने पारंपरिक ढंग से प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने जहां सर्वहितैषी बताते हुए बजट का स्वागत किया है, वहीं गैर भाजपाई दलों ने बजट को चुनावी और लुभावना बताते हुए साफ तौर पर निराश करने वाला बताया है।

प्रदेश सरकार ने इतिहास का सबसे बड़ा बजट प्रस्तुत कर एक ट्रिलयन अर्थव्यवस्था बनाने का शंखनाद किया है। इसमें कोई दो राय नहीं कि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सर्वसमाज को ध्यान में रखते हुए अविश्वसीय बजट प्रस्तुत किया है, जिसकी जितनी सराहना की जाए कम है। चाहें, किसानों की बात हो या फिर युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों, व्यवसायियों सभी का ध्यान रखा गया है--- केसी मिश्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा।

प्रदेश का बजट पूरी तरह निराशाजनक रहा। चुनावी साल में लुभावने बजट से सरकार ने सभी को धोखा देने का काम किया है। बजट में किसी को कुछ भी लाभ मिलने वाला नहीं है। भाजपा हमेशा से ही किसान विरोधी रही है और उसने इस बजट में भी किसानों के साथ धोखा ही किया है। किसानों की तरह बेरोजगार युवाओं को भी कुछ हाथ आने वाला नहीं है--- तनवीर खां, जिलाध्यक्ष सपा।

चुनावी साल का बजट पूरी तरह आमजनता को छलने वाला बजट है। बजट में कुछ भी नहीं है। उम्मीद थी कि सरकार महिलाओं, बेरोजगारों, किसानों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी, लेकिन बजट में कुछ भी नहीं निकला। यह आमजन से कोसों दूर रहा। युवाओं को रोजगार की जरूरत है, लेकिन सरकार उसे स्वरोजगार का झुनझुना थमाकर खूद ही अपनी पीठ थपथपा रहीं--- पवन सिंह, महानगर अध्यक्ष कांग्रेस।

यूपी के बजट ने निराश किया है। सरकार ने जो कुछ दिखाया है, या भविष्य के सपने दिखाए हैं, उसमें कोई दम नहीं नजर आ रहा है। न तो महिलाओं के  लिए बजट में कुछ है और न ही युवाओं और किसानों के लिए। सभी वर्ग पूर्णरूप से निराश ही हुए हैं। इसमें सरकार की अदूरदर्शिता ही नजर आई है--- राधेश्याम भारती, जिलाध्यक्ष बसपा।

सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास का संकल्प है बजट
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने विधानसभा में पेश किये गये बजट को सर्वश्रेष्ठ  बताया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब तक के सबसे बड़े बजट में सबका साथ - सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के अनुरूप काम किया गया है।  

 मंत्री जितिन ने कहा कि बजट में लोक निर्माण विभाग को राज्य राजमार्ग के चौड़ीकरण/सुदृढीकरण के कार्यो के लिए 2881 करोड़, धर्मार्थ मार्गों के विकास के लिए 1750 करोड़ एवं राज्य सड़क निधि से सड़कों के अनुरक्षण के लिए 3000 करोड़ तथा निर्माण के लिए 2500 करोड़ रूपये, औद्योगिक/लॉजिस्टिक पार्कों के लिए फोर लेन मार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, निर्माण कार्य 800 करोड़ रूपये, 

शहरों एवं कस्बों में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए शहरों में फ्लाईओवर आदि के निर्माण के लिए 1000 करोड़ रुपये, रेलवे उपरिगामी/अद्योगामि सेतु के निर्माण को 1350 करोड़ रुपये एवं ग्राम सेतु के लिए 1500 करोड़ रुपये, चीनी मिल परिक्षेत्र में कृषि विपणन सुविधाओं के लिए मार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नवनिर्माण, पुनर्निर्माण के लिए 500 करोड़ रूपये की व्यवस्था की गई है। उन्होनें कहा कि इन सभी मदों में राज्य सरकार द्वारा बजट में जो प्राविधान किया गया है, उससे प्रदेश में मार्गों की आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूती मिलेगी।

 लोक निर्माण मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने कहा कि जनपद को भी पूर्व से ही जिस प्रकार मार्गों, पुलों आदि की सौगात लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा प्रदान की जाती रही है। वह रूकने वाली नहीं है। आने वाले समय में और भी नवीन मार्गों एवं पुलों की सौगात मिलेगी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: जिले में 9 हजार बिजली मीटर खराब, विभाग को लगी लाखों की चपत

संबंधित समाचार