गोंडा : वेतन से अतिरिक्त कटौती पर पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ नाराज, जताई आपत्ति-सौंपा ज्ञापन
गोंडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ ने शिक्षकों के वेतन से की जा रही आयकर की कटौती के अतिरिक्त कटौती कर लिए जाने पर आपत्ति जताई है। संघ के पदाधिकारियों ने वित्त एवं लेखाधिकारी से मिलकर अपना विरोध दर्ज कराया और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल का कहना है कि समान वेतन में विभिन्न प्रकार की कटौतियों से शिक्षक आहत हैं। इस पर संघ ने आपत्ति जताते हुए अतिरिक्त कटौती को बंद किए जाने की मांग की है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल शिक्षक नेताओं का कहना है कि वित्त एवं लेखा अधिकारी के कार्यालय का आवंटन हो जाने के बाद भी कार्यालय आवंटित स्थान पर नहीं जा रहा है। इसे आवंटित स्थान पर ले जाने की मांग की गयी है वित्त लेखाधिकारी ने नए स्थान पर कार्यालय ले जाने का आश्वासन दिया है। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त शिक्षकों का जीपीएफ ऑनलाइन किए जाने की तथा इस वर्ष सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों के जीपीएफ का हिसाब 10 फरवरी तक दिए जाने की मांग की गई है। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने का अनुरोध किया गया है। फार्म 24 अभी तक न उपलब्ध कराए जाने के कारण आयकर में अनियमित कटौती की गई है। सामूहिक बीमा का भुगतान 2015, 2018 तथा 2022 का अभी तक नहीं हुआ है। इसकी भी माँग संगठन ने उठाई है।
इसके पूर्व जिलाधिकारी से भी मिलकर जीपीएफ के भुगतान के पूर्व उसके हिसाब की मांग की गई थी। जिस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 10 जनवरी को आदेशित कर दिया गया था लेकिन अभी तक कार्यालय में कोई हिसाब नही बनाया गया है। इस पर रोष व्यक्त किया गया। रुके हुए वेतन, एक दिन वेतन कटौती तथा एरियर आदि के प्रकरण को भी संगठन ने उठाया और इसके तत्काल भुगतान की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में प्रांतीय कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह, प्रांतीय लेखाकार राजेश कुमार शुक्ला, प्रांतीय संयुक्त मंत्री सुशील कुमार, मंडल कोषाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय, जिला महामंत्री अजीत कुमार तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह, अध्यक्ष वजीरगंज सुशील कुमार मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी यशवन्त पाण्डेय, अरविन्द कुमार सिंह, विनय सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी तथा उमेश प्रताप मिश्रा व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यूटा ने भी जताया विरोध
मनमानी आयकर कटौती पर युनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन ने भी विरोध जताया है। यूटा के पदाधिकारियों ने भी वित्त एवं लेखाधिकारी से मिलकर इस कटौती को तत्काल बंद किए जाने की मांग की है। इस दौरान यूटा जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, जिला संरक्षक हेमंत तिवारी, महामंत्री आत्रेय मिश्रा, सुधाकर त्रिवेदी एवं राजेश जायसवाल मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -आतिशी का आरोप, भाजपा नीत केंद्र सरकार ईडी के छापों से ‘आप’ नेताओं को डराने की कर रही कोशिश
