लखनऊ: चिनहट की ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में डकैती का खुलासा, पुलिस ने चार को पकड़ा, मास्टरमाइंड समेत छह अभी भी फरार
फैक्ट्री के कर्मचारियों को बंधक बनाकर बदमाशों ने की थी करीब 80 लाख रुपए की डकैती
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में स्थित ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में डकैती करने वाली गैंग के 4 आरोपियों को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को डीसीपी पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह ने डकैती की घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी कॉपर वायर को पश्चिम में एक बड़े स्क्रैप कारोबारी को बेचने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही बरेली के फतेहगंज बाईपास पर उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनके पास से पुलिस ने करीब दो हजार किलो कॉपर वायर, 200 किलो लोहे की प्लेट, एक डीसीएम, 2 तमंचा और 4 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
डीसीपी पूर्वी ने बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सर्विलांस टीम ने बरेली के नंबर की डीसीएम को ट्रैक किया और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम बरेली रवाना हुई। उन्होंने आगे बताया कि बरेली के फतेहगंज बाईपास से पुलिस ने 4 आरोपी सलीम, गुड्डू, अली हसन और नंद किशोर को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन इस डकैती का मास्टरमाइंड अनवर और मेराज समेत 6 लोग अभी भी फरार है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार जुटी हुई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
लखनऊ: चिनहट की ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में डकैती का खुलासा, पुलिस ने चार को पकड़ा, मास्टरमाइंड समेत छह अभी भी फरार@east_dcp @lkopolice pic.twitter.com/qwW4PhoaCg
— amrit vichar (@amritvicharlko) February 6, 2024
बता दें कि 26 जनवरी की रात चिनहट के देवा रोड स्थित बालाजी ट्रांसफार्मर फैक्ट्री से 8-10 बदमाशों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों को असलहे के बल पर बंधक बनाकर करीब 80 लाख रुपए का 6800 किलो कॉपर वायर डीसीएम में भरकर उठा ले गए। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से अभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो हजार किलो कॉपर वायर बरामद किया है। हालांकि पुलिस की गिरफ्त से अभी 6 से ज्यादा आरोपी फरार है। वहीं करीब 4 हजार से ज्यादा कॉपर वायर की बरामदगी नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें:- 8 साल की पैदल यात्रा कर स्विट्जरलैंड से अयोध्या पहुंचे बेन, रामलला का करेंगे दर्शन, मोदी योगी की तारीफ
