गोंडा: लेखपाल ने किसान से ली रिश्वत, वीडियो वायरल, डीएम ने किया निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। जमीन की पैमाइश के नाम पर किसान से रिश्वत लेने के मामले में सदर तहसील के सालपुर क्षेत्र के लेखपाल को जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर सस्पेंड कर दिया गया है‌। डीएम ने सदर तहसीलदार को पूरे मामले की जांच कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।‌

निलंबित लेखपाल को उप जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। रिश्वतखोरी के मामले को लेकर पिछले दो दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।‌ डीएम ने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के प्रतिकूल आचरण करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जायेगा। 

सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत जाने वाले राजस्व ग्राम सालपुर के लेखपाल संतोष शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। वायरल विडियो में लेखपाल एक किसान ने रिश्वत लेते दिखाई दे रहे हैं। यह विडियो जिलाधिकारी के पास भी पहुंचा था। डीएम नेहा शर्मा ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी सदर को लेखपाल को निलंबित किए जाने के निर्देश दिए थे। 

डीएम के निर्देश पर उप जिलाधिकारी ने सालपुर के लेखपाल संतोष शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सदर तहसीलदार को सौंपी गई है, और 7 दिन के भीतर आख्या देने के निर्देश दिए गए हैं। उप जिलाधिकारी ने बताया कि निलम्बन की अवधि में सन्तोष शर्मा को एसडीएम कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है‌ और उन्हे बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: लंबित मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने दिया धरना, डीएम को सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार