हरदोई में महिला के घर में खून से लथपथ मिला युवक, अस्पताल में चल रहा इलाज
शाहाबाद/ हरदोई, अमृत विचार। मंझिला थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरुआ में एक विधवा महिला के घर में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र का युवक खून से लथपथ पाया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर निवासी विकास 22 वर्ष पुत्र बाबूराम बृहस्पतिवार को मंझिला थाना क्षेत्र के कुम्हरुआ में अखिलेश के घर गया था। अखिलेश की लगभग आठ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है।अखिलेश की रिश्तेदारी मानपुर में विकास के गांव में थी। इसी वजह से दोनों में जान पहचान हो गई थी। लोग दबी जवान से प्रेमप्रसंग को इस मामले से जोड़ रहे हैं।अखिलेश के तीन बच्चों में बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है। दो बच्चे पढ़ रहे हैं। जिस समय विकास अखिलेश के घर पर गया तो उसकी पत्नी घर में अकेले थी, दोनों बच्चे स्कूल गए थे। किसी बात को लेकर विकास का अखिलेश की पत्नी से कुछ कहा सुनी हुई। बताया जाता है इस पर छत पर जाकर विकास ने धारदार हथियार से अपनी गर्दन काट ली और खून से लथपथ नीचे उतर आया और गिर पड़ा।
घटना की सूचना पर पहुंची मझिला पुलिस घायल को सीएचसी लेकर गई जहां डाक्टरों ने उसे हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुव्रत तिवारी ने बताया थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरुआ में एक अकेली विधवा के घर से गर्दन कटा हुआ युवक मिला है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती करवाया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।जांच के बाद विधिक कार्यवाही की जायेगी। ग्राम वासी दबी जुबान से प्रेम प्रसंग का मामला मान रहे हैं।
ये भी पढ़ें -किसानों को पुलिस ने नोएडा में रोका, सीमा पर लगा भारी जाम... धारा 144 लागू
