Kasganj News: पत्नी को पसंद नहीं थे पति और प्रेमिका के संबंध, इसलिए कर दी हत्या
फोन पर मधुर बातें कर भरोसे में लेकर नोएडा से बुलाया था कासगंज
कासगंज, अमृत विचार। पहले फोन पर मधुर-मधुर बातें कर पति की प्रेमिका को भरेासे में ले लिया फिर नोएडा से सोरों बुला लिया और यहां अन्य साथियों के साथ मिलकर सीआरपीएफ के जवान की पत्नी ने हत्या कर दी। शव को कस्बे के बाहर जंगलों में फेंक दिया। अब शिनाख्त के बाद मृतिका के भाई ने कासगंज पहुंच सोरों पुलिस को तहरीर दी और एफआईआर दर्ज करा दी है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला के अलावा एक अन्य को हिरासत में लिया है।
कस्बा सोरों में बीते दिनों मिले अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त झारखंड के थाना कदमा के मुहल्ला रामनगर की राखी गुप्ता के रूप में हुई। राखी के भाई ने कासगंज पहुंचकर बहन की शिनाख्त के बाद पुलिस से बातचीत की और फिर एफआईआर दर्ज करा दी है। उसने एफआईआर में स्पष्ट किया है कि उसकी बहन राखी नोएड के गर्ल्स हॉस्टल में वार्डन थी।
ऐसे बनें से संबंध
सोशल मीडिया के माध्यम से राखी के संबंध सोरों के रामकृष्ण से हो गए। रामकृष्ण पहले से शादीशुदा हैं और उनकी पत्नी प्रीति उपाध्याय हैं, लेकिन फिर भी राखी और रामकृष्ण के संबंध बने रहे और घर तक आना जाना हो गया। बीती तीन फरवरी को प्रीति ने राखी को फोन करके सोरों आने का निमंत्रण दिया। फिर वह सोरों आ गई। यहां प्रीति और उसके सहयोगी ने मिलकर राखी की हत्या कर दी। लहुलूहान हालत में शव भगीरथी के जंगलों के पास फेंक दिया। पुलिस ने भाई की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। आरोपी हिरासत में है।
बेटे की सेहत का दिया था हवाला
मृतिक के भाई राहुल ने बताया कि धीमे धीमे प्रीति और राखी के बीच काफी मधुर संबंध हो गए थे। एक बार जब प्रीति का बच्चा बीमार था तो राखी ने काफी मदद की थी। अब कुछ दिन पहले राखी को फोन कर प्रीति ने कहा कि अभी बच्चे की सेहत ठीक नहीं है। यहां आकर देखभाल कर लो, मुझे भी मदद मिलेगी और बच्चा भी ठीक हो जाएगा। मानवीयता का परिचय देते हुए राखी नोएडा से सोरों पहुंच गई, लेकिन उसे क्या पता था कि यहां हत्यारे उसकी जान ले लेंगे।
भाई की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीआरपीएफ जवान की पत्नी आरोपी है। हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। हर बिंदु पर जांच हो रही है- अजीत चौहान, सीओ सिटी।
ये भी पढ़ें- Kasganj News: मौनी अमावस्या पर स्नान-दान और पुण्य से होते हैं पितृ प्रसन्न, जानिए मौन रहने का पौराणिक रहस्य
