हल्द्वानी: बनभूलपुरा के लोगों ने किया दंगा, मस्जिदों से चलाये गये पत्थर, प्राइवेट और सरकारी वाहनों को जलाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मलिक का बगीचा में अवैध मस्जिद और मदरसा को ढहाने पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पहले तो विरोध किया और बाद में हिंसा पर उतारू हो गए। पत्थर बरसाए, वाहनों में आग लगाई। पुलिस और प्रशासन के साथ ही पत्रकार भी घायल हुए। यहां तक की पत्रकारों को भी मारा गया। 

बनभूलपुरा में अपरान्ह चार बजे मस्जिद और मदरसा और गिराने के लिए नगर निगम और प्रशासन की टीम पहुंच गई। साथ ही पुलिस बल भी पहुंच गया। मुसलमानों ने इसका विरोध करना शुरू किया जबकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी साबित हो गया कि मस्जिद और मदरसा सरकारी भूमि में अवैध रुप से बनाए गए हैं। 

पहले तो मुस्लिम महिलाओं समेत अन्य लोगों ने मौखिक तौर पर विरोध जताना शुरू किया लेकिन बाद में स्थिति खराब हो गई। मलिक के बगीचे की तरफ आने वाली सभी गलियों को मुसलमानों ने घेर लिया और पत्थर बरसाना शुरू कर दिये। पहले तो पत्थरों से हमला होता रहा। पत्थरों की चपेट में आकर कई पुलिस, नगर निगम और प्रशासन के कर्मचारी घायल हो गये। पत्थरों की हो रही बारिश को रोकने के लिए पुलिस ने शील्ड का सहारा लिया लेकिन भीड़ पूरी तरह से बेकाबू हो गई।

घरों और मस्जिदों से भी पत्थर आने लगे। पत्थर मारने वालों में महिलाएं, लड़कियों के अलावा बच्चे भी शामिल थे। इधर मस्जिद और मदरसा को ढहाने के लिए जेसीबी को लगा दिया गया। जेसीबी ने मस्जिद और मदरसा को ढहाने का काम नहीं रोका। हालांकि पत्थरबाज पत्थर बरसाते रहे। साथ ही आगजनी भी शुरू कर दी गई। नगर निगम के ट्रैक्टर को आग लगा दी गई। बाइकों को उठाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया।

धर्म के नशे में पूरी तरह से पागल हो गए लोग जान लेने पर भी उतारू गए। लोगों को निशाना बना-बनाकर पत्थर बरसाये जा रहे थे। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े लेकिन दंगाई भीड़ पर कुछ भी असर नहीं हो रहा था। लग रहा था बनभूलपुरा के सभी लोगों ने मलिक के बगीचा को घेर लिया।

बाद में कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस फोर्स के साथ नगर निगम, प्रशासन के कर्मचारियों के साथ ही अन्य लोग भी निकलने। इसके बाद भी पत्थर बरसाये जाना जारी रहे। बहुत मुश्किल से हिंसा पर उतारू हो चुकी भीड़ से बचते हुए पुलिस फोर्स के साथ लोग किसी तरह निकले। रास्ते में दंगाई पत्थर बरसाते रहे। 

पत्रकारों को चिन्हित करके मारा
हल्द्वानी। बनभूलपुरा के दंगाइयों ने पत्रकारों को चिन्हित करके और उनके वाहनों को नुकसान पहुंचाया। प्रेस लिखे वाहनों को आग के हवाले कर दिया। जिन पत्रकारों के गले में प्रेस कार्ड लटके थे उन पर निशाना बनाकर पत्थर बरसाये। दो पत्रकारों को घेर कर बुरी तरह मारा। दो कैमरामैनों के कैमरे तोड़ दिए गए और उन्हें मारा भी गया। संभावना है कि बनभूलपुरा के उन लोगों का भी हाथ रहा जो लोग पत्रकारों को जानते थे। दंगाइयों को पत्रकारों की निशानदेही करवाकर हमला कराया गया है। 


संबंधित समाचार