Etawah: पुआल के ढेर में मिला जला हुआ मानव कंकाल… ग्रामीणों ने महिला को जलाकर मारने का लगाया आरोप
इटावा में पुआल के ढेर में मानव कंकाल जला हुआ मिला
खाली प्लॉट में पुआल के ढेर में आग से जला मानव कंकाल पाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक महिला को जलाकर मार दिया गया है।
इटावा। अमृत विचार। खाली प्लॉट में पुआल के ढेर में आग से जला मानव कंकाल पाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक महिला को जलाकर मार दिया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि कंकाल महिला या पुरुष का है यह अभी स्पष्ट नहीं है। डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद स्थति स्पष्ट होगी।
वैदपुरा थाना क्षेत्र के गांव छितौनी में सड़क के किनारे खाली पड़े प्लॉट में पुआल के ढेर में एक जलता हुआ शव बरामद हुआ। सुबह चौकीदार अमरनाथ ने सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी समित चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए, मौके की नजाकत को भांपते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया।
सीओ सैफई नागेंद्र चौबे मौके पर पहुंचे, फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्रित लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। शव 85 फीसदी तक जल चुका था जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है देखने से युवती प्रतीत हुई जो 25 से 30 साल के मध्य की होगी। अनुमान लगाया गया कि रात में किसी और स्थान से हत्या कर शव को यहां लाकर सबूत मिटाने के इरादे से पुआल के ढेर में जला दिया।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शव महिला का है या पुरुष का। आगामी 72 घंटे तक पहचान कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद अस्थियों को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा जाएगा।
डेढ़ दशक पहले भी इसी तरह का हुआ था दुस्साहस
डेढ़ दशक पहले थाना बसरेहर क्षेत्र में गांव अकबरपुर और लालपुरा के मध्य एक महिला को इसी तरह पुआल के ढेर में जलाकर मार डाला गया था। उसकी चूड़ियां देखकर बुजुर्ग महिला ने बेटी के रूप में पहचान की लेकिन पुलिस ने मामला डीएनए टेस्ट के हवाले कर दिया। अभी तक उस मामले का पुलिस ने खुलासा नहीं किया। हालांकि जनता सब कुछ जानती है।
ये भी पढ़ें- हल्द्वानी हिंसा के बाद Kanpur में अलर्ट दिखी खाकी... सड़कों पर उतरी फोर्स, सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
