आगरा: यमुना में फेंकी गई किशोरी ने पुलिस से कहा- वो पढ़ना चाहती है, घर गई तो हो जाएगी शादी...

पिता और फूफा ने की थी जान से मारने की कोशिश, अब तक पुलिस की पकड़ से हैं दूर...

आगरा: यमुना में फेंकी गई किशोरी ने पुलिस से कहा- वो पढ़ना चाहती है, घर गई तो हो जाएगी शादी...

आगरा। थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में यमुना में किशोरी को फेंके जाने के मामले में पुलिस अभी तक आरोपी पिता और फूफा को पकड़ नहीं पाई है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर किशोरी अपने घर जाने को तैयार नहीं है। उसने पुलिस से कह दिया है कि वह अपने घर नहीं जाएगी। परिजन उसकी शादी कर देंगे, जबकि वह पढ़ना चाहती है। 

गौरतलब है कि घटना बुधवार रात की है। मूलत: हीरापुरा, अकबराबाद (अलीगढ़) निवासी 15 वर्षीय किशोरी की हत्या का प्रयास हुआ था। किशोरी अपनी ननिहाल एटा में रह रही थी। जनवरी में घरवालों ने उसे एक युवक से बात करते पकड़ लिया था। इसी बात पर घर में बवाल हुआ था। घरवालों ने उसे नानी की घर एटा भेज दिया था।

किशोरी ने पुलिस को बताया था कि पिता राजेश कुमार बाइक से नानी के घर आए थे। उससे कहा कि चलो। वह उनके साथ चल दी। पिता उसे गुरुग्राम लेकर जा रहे थे। रास्ते में फूफा मिले थे। दोनों ने मिलकर उसे पुल से फेंका था। फेंकने से पहले गला भी दबाया था।

एसओ बमरौली कटारा रोहित कुमार ने बताया कि किशोरी के परिजनों से संपर्क का प्रयास किया। गुरुवार को किशोरी के बाबा आए थे। वह किशोरी से मिलना चाहते थे। उनसे बेटे के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा कि जानकारी नहीं है। वहीं दूसरी तरफ किशोरी की काउंसलिंग चल रही है। उससे पूछा गया कि कहां जाना चहाती है।

किशोरी ने साफ कह दिया कि घर नहीं जाना है। घरवाले जबरन उसकी शादी करा देंगे। वह पढ़ाई करना चाहती है। आश्रम में रह लेगी। किशोरी की काउंसलिंग जारी है।

यह भी पढे़ं; हल्द्वानी हिंसा पर मायावती ने एक तीर से लगाए दो निशाने!, धामी के साथ योगी सरकार को भी घेरा, जानिये क्या बोलीं...