लखनऊ: मकान सील होने के डर से रिक्शा चालक ने की खुदकुशी, परिजनों ने नगर निगमकर्मी के खिलाफ थाने में दी तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/ ठाकुरगंज। बाजारखाला थानाक्षेत्र अंतर्गत हैदरगंज वैरागी टोला में नगर निगम की कार्रवाई और मकान सील होने के डर से ई-रिक्शा चालक शीतल कश्यप (32) ने शनिवार सुबह घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पड़ोसियों ने ई-रिक्शा चालक को फंदे से लटकता देख परिजनों को सूचित किया। इसके बाद परिजन ई-रिक्शा चालक को नजदीकी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजनों ने नगरनिगम कर्मी पर आरोप लगाते हुए बाजारखाला में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

घर पर अकेला था ई-रिक्शा चालक
प्रभारी निरीक्षक संतोष आर्या के मुताबिक, हैदरगंज के पुराना टिकैतगंज वार्ड वैरागी टोला निवासी ई-रिक्शा शीतल कश्यप ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। भाई दीपू कश्यप ने बताया कि वह संयुक्त परिवार में रहते हैं। एक वर्ष पूर्व भाई शीतल की शादी गुडिया से हुई थी। घर में मां फूलमती के अलावा दो भाई हैं। 

दीपू ने बताया कि जिस वक्त शीतल ने आत्मघाती कदम उठाया, उस वक्त घर में कोई भी नहीं था। सभी सदस्य उन्नाव जनपद में रहने वाले मामा रामदीन के बेटे वीरेंद्र की शादी में गए थे। इसी बीच नगर निगमकर्मी बकाया 57000 हाउस टैक्स जमा करने की नोटिस चस्पा करने घर पर आए थे। आरोप है कि घर पर नोटिस चस्पा करने के बाद निगम कर्मियों ने मकान सील करने की भी बात कही थी। जिसके डर से शीतल में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

दरवाजा तोड़कर बाहर निकला शव
सूत्रों की मानें तो, ई-रिक्शा चालक को फंदे से लटकता देख पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़ ई-रिक्शा चालक को फंदे से उतारा। इसके बाद उसे केजीएमयू के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं, कुछ लोग पूरे मामले को संदिग्ध भी बता रहे हैं।

नोटिस चस्पा करते मोहल्ले के लोगों ने भी देखा
बहनोई सूरज ने बताया कि पूर्व में भी निगमकर्मियों ने शीतल के घर पर नोटिस भेजते हुए हाउस टैक्स जमा करने का अल्टीमेटम दिया था, हालांकि टैक्स में रिआयत करने को लेकर पूरा परिवार अधिकारियों के आगे चक्कर लगा चुका था। बावजूद इसके विभाग ने एक भी पैसा कम नहीं किया। 

बताया कि जिस वक्त निगमकर्मी घर पर नोटिस चस्पा करने पहुंचे थे। तब पड़ोसियों ने भी उन्हें देखा था, लेकिन निगमकर्मियों के जाने के बाद शीतल ने आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के भाई दीपू ने निगमकर्मियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर थाने में तहरीर दी। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

यह भी पढ़ें:-UP में अब लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने के लिए पंजीकरण कराना होगा अनिवार्य, विधानसभा में एक्ट हुआ पास

संबंधित समाचार