Bareilly News: व्यापारी संगठन ने की तौकीर रजा की सुरक्षा वापस करने और नुकसान की भरपाई की मांग
बरेली, अमृत विचार। शहामतगंज में शुक्रवार को पथराव और तोड़फोड़ के बाद व्यापारियों में रोष है। शनिवार को व्यापारी संगठनों ने मौलाना तौकीर रजा पर भड़काऊ बयान देने के मामले में रासुका लगाने, सुरक्षा वापस लेने और नुकसान की भरपाई की मांग की। व्यापारियों ने उपद्रवियों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शहामतगंज स्थित कार्यालय में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने प्रेसवार्ता में कहा कि तौकीर रजा के कारण शुक्रवार को व्यापारियों पर हमले हुए। दुकानों को लूटा गया और भीड़ हिंसक हो गई। बाजार बंद होने से करीब 15 करोड़ रुपये का बाजार प्रभावित हुआ।
कहा कि तौकीर के कारण साल 2010 में दंगे हुए थे। उसमें भी व्यापारियों की बड़े पैमाने पर दुकानें जलाई गई थीं। साल 2012 में फिर दुकान जलाई गईं। अब फिर जहरीले बयान देकर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। इस मामले में न्यायालय में जनहित याचिका दायर की जाएगी।
मांग की कि तौकीर की सुरक्षा वापस लेने के साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर रासुका लगाकर गिरफ्तार किया जाए। 15 करोड़ रुपये के नुकसान भी भरपाई तौकीर और उपद्रवियों से की जाए। राजेश जसौरिया ने कहा कि तौकीर के बयान से उद्यमी सहमे हुए हैं। कहा व्यापार मंडल जल्द ही इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेगा और अवगत कराएगा कि व्यापारी वर्ग सुरक्षित नहीं है। कोषाध्यक्ष संजीव चांदना, अध्यक्ष दर्शनलाल भाटिया और अन्य मौजूद रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार को बरेली में जिस प्रकार तौकीर ने शासन प्रशासन को धमकी देने का काम किया गया वह उचित नहीं है। व्यापारियों के कंधों पर इस प्रकार से धार्मिक उन्माद और दंगे का बोझ डाला जाएगा तो देश की अर्थव्यवस्था तो कमजोर होगी देश का सांप्रदायिक माहौल भी खराब होगा। महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि बरेली का व्यापारी बहुत शांत है।
तौकीर रजा ने भड़काऊ भाषण देकर सामाजिक उन्माद फैलाने का काम किया है। प्रशासन के अफसरों के सामने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अपशब्द कहे। प्रशासन को मौलाना पर रासुका लगानी चाहिए। परविंद्र पाल सिंह ने कहा कि बरेली का व्यापार साल 2010 में हुए दंगों के कारण 10 वर्ष पीछे चला गया था। इसकी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए शासन और प्रशासन असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करे। इस दौरान संजय कठेरिया, अजय सक्सेना, अमित अग्रवाल, अनुज गुप्ता, रिषभ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
व्यापारी सुरक्षा फोरम ने उपद्रवियों पर कार्रवाई की मांग की
व्यापारी सुरक्षा फोरम के महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के नेतृत्व में संजय नगर में हुई बैठक में भी उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई मांग की गई। रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि तौकीर रजा के बार-बार आपत्तिजनक भाषण देने के बाद उपद्रवियों ने बाजार में जमकर बवाल किया।
आरोपियों की धरपकड़ नहीं होने पर सोमवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारी एसएसपी को ऐसे लोगों की गिरफ्तारी के लिए ज्ञापन देंगे। बैठक में प्रमोद रघुवंशी, सतीश गुप्ता, राजीव कश्यप, मनु गुप्ता, रामसेवक गुप्ता, राहुल, वंश आदि मौजूद रहे। वहीं शहामतगंज में साईं मंदिर के पं. सुशील पाठक ने भी तौकीर रजा के खिलाफ जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: गिरफ्तार करना है तो जहां बुलाओगे हाजिर हो जाऊंगा- मौलाना तौकीर रजा
