Etawah Theft: बदमाशों ने दो घरों में बोला धावा… पांच लाख के जेवर व नगदी लेकर हुए फरार
इटावा में बदमाशों ने दो घरों में धावा बोला
इटावा, अमृत विचार। भरथना कोतवाली कस्बा में बीती रात एक ही मोहल्ले के दो घरों मे बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने एक घर में कीमती सामान नहीं मिलने पर घर में रखे बिस्तर,चारपाई आदि को आग के हवाले कर दिया। वहीं दूसरे घर में चोरी के दौरान पांच लाख के जेवर, नगदी समेत माल लेकर फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी।
भरथना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत बीती रात्रि कस्बा के मुहल्ला कल्यान नगर में आशुतोष तिवारी पुत्र स्व. जमुना प्रसाद तिवारी के सूने पडे घर में बदमाशों ने निशाना बनाते हुए घर में प्रवेश कर सामान, नगदी व आभूषण खंगालने का प्रयास किया। कीमती सामान नहीं मिलने पर बदमाशों ने बक्से आदि में रखे बिस्तर, बैड का सामान, चारपाई आदि को आग के हवाले कर दिया।
गृहस्वामी आशुतोष तिवारी परिवार सहित नोएडा में रहकर नौकरी करते है। घटना की जानकारी उनके भतीजे नवीन तिवारी पुत्र मनोज कुमार ने पुलिस को दी है। वहीं, बदमाशों ने इसी मोहल्ले में रहने वाले दिलीप कुमार पाल पुत्र जगदीश नरायन पाल के सूने घर में धावा बोल दिया और बदमाशों ने घर के सभी कमरों में रखे बक्से, अलमारी के ताले तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के नगदी, जेवरात समेत माल लेकर फरार हो गए।
गृहस्वामी दिलीप कुमार परिवार समेत पैतृक गांव कन्धेसी गए थे। पडोसियों से मिली चोरी की सूचना पर गृहस्वामी जैसे ही घर पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। उसने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। उधर, पुलिस ने चोरी की घटना को संदिग्ध समझते हुए फिंगर प्रिंट टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच पडताल शुरू की।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: जर्मनी के फेयर में मिले 50 करोड़ की सैडलरी के ऑर्डर... घुड़सवारी से जुड़े उत्पादों के साथ ये भी बनी पसंद
