संभलः प्रमोद कृष्णम का दावा- प्रियंका गांधी भी हो रही हैं कांग्रेस में अपमानित
संभल,अमृत विचार: कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस से निष्कासन के बाद कहा कि निष्कासन करने वाले कांग्रेस नेता यह बताएं कि उनकी कौन सी गतिविधि पार्टी विरोधी थी। क्या राम मंदिर शिलान्यास का न्योता स्वीकार करना व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना उनका अपराध था।
इसके साथ ही आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। संकल्प लिया कि आज के बाद वह आजीवन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े रहेंगे। ऐंचोड़ा कम्बोह कल्कि धाम पर पत्रकार वार्ता के दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी में मायूसी है और हर कोई नेता यह पूछ रहा है कि आचार्य प्रमोद कृष्णम का कसूर क्या था।
मैं कांग्रेस पार्टी के नेताओं से कहना चाहता हूं कि जो अपनी मां और बहन का सम्मान नहीं कर सकता वह कांग्रेस पार्टी के नेताओं का सम्मान क्या करेगा। जो शख्स अपनी विरासत को नहीं संभाल सकता वह भारत को क्या संभालेगा। सोचें और चिंतन करें कि राजनीति छोटी है और राष्ट्र बड़ा है क्योंकि एक दिन हम सभी लोग मिट जाएंगे लेकिन यह राष्ट्र नहीं मिटना चाहिए।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाते हुए कहा कि जो शख्स अपनी मां,पिता,बहन और दादी के सुख-दुख में खड़े रहने वाले नेता गुलाम नबी आजाद,कमलनाथ व भूपेंद्र हुड्डा से लेकर दिग्विजय सिंह और आनंद शर्मा तक की इज्जत करना नहीं जानता है उसके लिए मुझे अपमानित करना कौन सी बड़ी बात है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कांग्रेस में प्रियंका गांधी की भी बहुत तौहीन हो रही है। एआईसीसी द्वारा जारी लिस्ट में प्रियंका गांधी के आगे लिखा गया है जनरल सेक्रेटरी विद आउट पोर्ट फोलियो। ऐसा किसी दूसरे कांग्रेस नेता के लिए नहीं लिखा गया है। पत्रकारों से कहा कि प्रियंका गांधी से पूछो क्या क्या वह खुश है,और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में क्यों नहीं जा रही हैं।
ये भी पढ़ें - संभल : प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियां परखने कल ऐंचोड़ा कम्बोह पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
