योगी सरकार में तैयार हुआ भय मुक्त समाज... 'पुस्तक गतिमान' उत्तर प्रदेश योगी सरकार के बेमिसाल 8 साल का विमोचन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित और डॉ. शीलवंत सिंह की लिखित पुस्तक गतिमान उत्तर प्रदेश योगी सरकार के 8 बेमिसाल साल का मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विश्वेश्वरैया सभागार में विमोचन किया। इस मौके पर प्रदेश की बाल विकास पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव विधान सभा प्रदीप दुबे और प्रभात प्रकाशन के पीयूष की मौजूदगी रही।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इस मौके पर कहा कि दुनिया में 8 संत राजा बने। उनमें से एक योगी आदित्यनाथ हैं। वह वोट की नहीं समाज की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में ऐसा भयमुक्त समाज तैयार हुआ है कि अकेली लड़की रात 12 बजे भी कहीं जा सकती है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भी यूपी की जमीन उपजाऊ थी, अच्छा पानी था लेकिन प्रगति की यह रफ़्तार नहीं थी, जो आज देखने को मिलती है। पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में पहले नम्बर पर पहुंच गया है।

बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि योगी सरकार में कानून व्यवस्था की तस्वीर बदली। महिलाओं के लिए अच्छा वातावरण तैयार हुआ। लोगों का आत्मविश्वास लौटा। बीमारू से उत्तम प्रदेश में बदल गया उत्तर प्रदेश। उन्होंने कहा कि इस सरकार में महिलाओं से सम्बंधित विभागों में विशेष व्यवस्था है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि यह किताब 2017 से 25 तक के विकास की कहानी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा दूध पैदा करता है। आईटी के क्षेत्र में विकास हुआ है। मेट्रो, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे ज्यादा काम हुआ है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड बने हैं। उन्होंने नई पीढ़ी से कहा कि जो भी मोबाइल और सोशल मीडिया पर दो घंटे से ज्यादा का समय देता है वह अपने जीवन में कोई मुकाम हासिल नहीं कर सकता है।

पुस्तक के लेखक डॉ. शीलवंत सिंह ने कहा कि इस पुस्तक के लेखन में अवनीश अवस्थी का बहुत सहयोग मिला। उत्तर प्रदेश के सर्वोत्तम प्रदेश में बदलने की यात्रा के आंकड़े अवनीश अवस्थी की मदद से ही हासिल हो पाए। डॉ. कृति रस्तोगी ने अच्छे अंदाज में पुस्तक की समीक्षा की। विधायक ओपी श्रीवास्तव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

संबंधित समाचार