बरेली: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, आठ बाइक बरामद... यहां से करते थे चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, बरेली समेत अन्य जिलों की बाइकें बरामद

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके दो साथी फरार हो गए। वाहन चोरों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक बरामद हुई हैं। सभी बरातघरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बाइक चोरी कर अय्याशी और शराब की लत पूरी करते थे।

इंस्पेक्टर इज्जतनगर जयशंकर सिंह ने बताया कि रविवार को सुबह गश्त के दौरान विलयधाम पुल के भट्टे के सामने से दो लोगों को गिरफ्तार किया और दो फरार हो गए। गिरफ्त में आया आरोपी विमल बडेपुरा निकट खोह थाना हाफिजगंज का निवासी है और सरगना है। वहीं दूसरा आरोपी करन हाफिजगंज के रिठौरा का रहने वाला है। फरार आरोपी विशाल और संजू भी रिठौरा के ही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई संजीव कुमार, मुकेश चौहान, मुख्य आरक्षी आशीष कुमार आदि रहे।

11feb403_118

पांच से दस हजार में बेच देते थे चोरी की बाइक
पूछताछ में विमल और करन ने बताया कि चारों बेरोजगार हैं। सभी उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, आदि प्रदेशों से बाइक चोरी करते हैं। सभी तेज बाइक चलाते हैं और स्टंट भी करते हैं। चोरी की बाइक को पांच से दस हजार रुपये में बेचकर शराब और अय्याशी की लत को पूरी करते हैं। विमल के खिलाफ इज्जतनगर, नवाबगंज, भुता, बदायूं के थानों में आठ केस पंजीकृत हैं, जबकि करन, विशाल और संजू के खिलाफ दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।

चोरी की बैटरी और तार समेत दो धरे
इज्जतनगर पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि रविवार को इंद्रानगर निवासी प्रीतम सिंह ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरों ने दुकान से कल्टीवेटर की कमानी आदि सामान चोरी कर लिया था। रविवार को सूचना मिली कि सौफुटा पर एक कबाडी की दुकान पर एक व्यक्ति चोरी का सामान बेचने आया है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी धर्मवीर निवासी छोटी बिहार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से कल्टीवेटर की 14 कमानी, तीन बड़ी बैटरी, 58 किलो एल्यूमीनियम का तार बरामद किया है। पुलिस ने कबाड़ी पंकज को भी गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें- बरेली काॅलेज के पूर्व प्राचार्य, शिक्षाविद प्रो. एनएल शर्मा का निधन, 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

संबंधित समाचार