Bareilly News: नाथ कॉरिडोर...तपेश्वरनाथ मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण में होगी देरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मार्ग के चौड़ीकरण के लिए रेलवे से लेनी होगी एनओसी, सात शिव मंदिरों को जोड़ने वाले मार्गों का हो रहा है चौड़ीकरण

बरेली, अमृत विचार। नाथ कॉरिडोर के तहत शहर के सात शिव मंदिरों को जोड़ने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण का काम पीडब्ल्यूडी ने शुरू कर दिया है। दो सड़कों का काम पिछले महीने शुरू हो गया है और आठ के टेंडरों का परीक्षण हो रहा है लेकिन तपेश्वरनाथ मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण में देरी हो सकती है, क्योंकि इसके लिए रेलवे की एनओसी लेनी पड़ेगी।

सुभाषनगर अंडरपास से रेलवे काॅलोनी होते हुए 1.29 किमी लंबा मार्ग साढ़े तीन से पांच मीटर तक चौड़ा है। सभी मार्गों से इसकी चौड़ाई सबसे कम है। इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पिछले दिनों टेंडर निकाला गया था। सिंगल टेंडर प्राप्त होने पर इसे रिजेक्ट कर फिर से अपलोड किया गया। अब दोबारा टेंडर 21 फरवरी को खुलेगा। अफसरों का दावा है कि नाथ कॉरिडर में शामिल सभी 11 सड़कें कम से कम सात मीटर और अधिकतम दस मीटर चौड़ी की जाएंगी। दिसंबर 2023 में आठ और जनवरी 2024 में नाथ कॉरिडोर की तीन सड़कों के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बजट दिया था। जिसके बाद सबसे पहले डेलापीर तिराहा से सूद धर्मकांटा और यहां से त्रिबटीनाथ मंदिर मार्ग पर काम शुरू किया। 

वनखंडीनाथ मंदिर से पशुपतिनाथ मंदिर, किला क्रॉसिंग से अलखनाथ मंदिर समेत आठ मार्गों के लिए टेंडर हाल ही में निकाले गए थे। पोर्टल पर प्राप्त हुए टेंडरों का अभी परीक्षण चल रहा है, जबकि तपेश्वरनाथ मंदिर के लिए सुभाषनगर नगर अंडर पास से होते हुए जाने वाले मार्ग को लेकर प्रक्रिया चल रही है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के मुताबिक तपेश्वरनाथ मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण में देरी हो सकती है, क्योंकि इसके लिए रेलवे से अनुमति लेनी होगी।

अधिकतम 10 मीटर तक चौड़ी होंगे मार्ग
नाथ कॉरिडोर के 15.64 किलोमीटर 11 मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण प्रस्तावित है। एक्सईएन नारायाण सिंह ने बताया कि नॉथ कारिडोर में शामिल सड़कों को कम से कम सात मीटर और अधिकतम दस मीटर तक चौड़ा किया जाना है। सबसे कम चौड़ी सुभाषनगर के तपेश्वरनाथ मंदिर मार्ग को जाने वाली सड़क है। कहीं साढ़े तीन मीटर तो कहीं चार से पांच मीटर सड़क चौड़ी है। 31 मार्च तक नाथ कॉरिडोर के सात शिव मंदिरों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को काम पूरा हो जाएगा।


ये भी पढ़ें- Bareilly News: कुतुबखाना पुल के लिए मिली एक और तारीख, अब मार्च में इस डेट से दौड़ेंगे वाहन

संबंधित समाचार