हर बूथ पर प्रचंड जीत का लहराएं परचम, सुलतानपुर में बोले नंदी- अबकी बार 400 के पार का नारा होगा साकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा ने हवन-पूजन कर लोकसभा चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन

सुलतानपुर, अमृत विचार। सोमवार को लोकसभा चुनाव कार्यालय खोलकर बीजेपी ने चुनावी बिगुल बजा दिया है। वैदिक मंत्रोच्चार तथा हवन-पूजन के साथ सुलतानपुर के दरियापुर रोड पर लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने फीता काटकर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंदी ने कहा लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर प्रचंड जीत का  परचम लहराने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।

उन्होंने कहा यह चुनाव कार्यालय अब सभी चुनावी गतिविधियों का केंद्र होगा। अबकी बार 400 के पार के नारे को साकार रूप देना है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। लोकसभा प्रभारी दुर्गेश त्रिपाठी एवं लोकसभा संयोजक जगजीत सिंह छंगू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ जीतो चुनाव जीतो का मंत्र दिया। मोदी की गारंटी पर जनता मुहर लगाएगी। संचालन जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी ने किया।

जिला कोषाध्यक्ष व कार्यालय की व्यवस्था प्रमुख पूजा कसौधन ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। यहां पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी, डॉ एमपी सिंह, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, विधायक राजेश गौतम, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी, पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, सहकारी बैंक अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह,कृपाशंकर मिश्रा आदि ने संबोधित किया।

उद्योग इकाई न होने की सवाल पर तिलमिलाए मंत्री

पीएम मोदी के शानदार 10 साल पर सुलतानपुर को एक भी औद्योगिक इकाई नहीं मिलने के सवाल पर औद्योगिक विकास मंत्री/सुलतानपुर लोकसभा प्रभारी नंदकुमार नंदी तिलमिला उठे। मीडिया के सवाल पर बोले कि विपक्षी नेताओं की तरफ से इस तरह के सवाल डिबेट में पूछे जाते हैं। पूर्वांचल क्षेत्र में जल्द धरातल पर कई औद्योगिक योजनायां दिखाई देंगी। कहा कि विरोधी दल के कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए होड़ लगाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें:-श्रीराम दर्शन यात्रा: सुव्यस्थित संचार के लिए लगाए गए 138 फोन, अयोध्या धाम में चल रहा बहुभाषी काल सेंटर

संबंधित समाचार