Bareilly News: सीबीगंज में चिड़ियाघर के डीपीआर व सर्वे को बजट मंजूर
करीब 50 लाख की लागत से कराया जाएगा मिनी जू का सर्वे
बरेली, अमृत विचार। जिले में चिड़ियाघर बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। काफी कागजी जद्दोजहद के बाद पिछले दिनों मिनी जू बनाने का निर्णय लिया गया था। अब इसके डीपीआर व सर्वे के लिए बजट को मंजूरी मिल गई गई है। आगामी वित्तीय वर्ष में मिनी जू का सर्वे कराने की बात कही जा रही है।
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार के प्रयासों से शहर में लघु प्राणी उद्यान की योजना परवान चढ़ने लगी है। मिनी जू ( लघु प्राणी उद्यान) के लिए सीबीगंज स्थित खलीलपुर वन खंड में करीब 12 हेक्टेयर भूमि वन विभाग द्वारा चिन्हित की गई है। मुख्य वन संरक्षक रूहेलखंड जोन बी प्रभाकर ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र लिखकर बजट की मांग की थी। पत्र में उन्होंने कहा था कि डीपीआर व सर्वे सीमांकन के लिए 50 लाख रुपए की आवश्यकता है। सर्वे के लिए विशेषज्ञ परामर्शदाता को भी नामित करने की मांग की गई। अब शासन से बजट को मंजूरी मिल गई है। आगामी वित्तीय वर्ष में बजट प्राप्त होते ही सर्वे का काम शुरू कराया जाएगा।
इन वन्यजीवों के कर सकेंगे दीदार
मिनी जू बनने के बाद बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरन व विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के दीदार शहर के लोगों को हो सकेंगे। बरेली के अलावा आसपास के जनपदों के लोगों के लिए भी यह अच्छा पिकनिक स्पॉट होगा।
सर्वे व डीपीआर के लिए बजट को मंजूरी मिल चुकी है। 50 लाख के बजट की मांग की गई थी, संभवत: अप्रैल में बजट प्राप्त हो जाएगा। इसके बाद कार्य शुरू किया जाएगा। सीबीगंज के खलीलपुर वन खंड में 12 हेक्टेयर भूमि को चिन्हित किया गया है- बी. प्रभाकर, मुख्य वन संरक्षक, रूहेलखंड जोन।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन समेत 12 जगह बिजली चोरी पकड़ी, रिपोर्ट दर्ज
