बहराइच: अब लड़की पक्ष के चार लोग हुए फूड प्वाइजनिंग के शिकार, जिला अस्पताल में कराए गए भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वर और वधू पक्ष के 60 लोग फूड पॉइजनिंग के आए चपेट में

बहराइच, अमृत विचार। जिले के महरी गांव में आयोजित तिलक समारोह में गांव के लोगों के खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का दायरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार शाम को एंबुलेंस से 41 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बुधवार को लड़की पक्ष के चार लोग जिला अस्पताल पहुंचे। कुल संख्या 60 पहुंच गई है। 

मंगलवार रात आठ बजे शुरू हुई उल्टी-दस्त

रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बौकहा के मजरा महरी गांव निवासी रिंकू पुत्र श्याम लाल का विवाह तय हुआ है। जिसमें सोमवार को जिले के गुदुवापुर से तिलक आई। वर और वधू पक्ष के लोगों ने खाना खाया। सोमवार रात और मंगलवार सुबह तक कुछ नहीं हुआ। वहीं रात आठ बजे से अचानक लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गई। इससे पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक शशि राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फूड पॉइजनिंग के शिकार लोगों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

मरीजों के लिए लगाई गईं 16 एंबुलेंस

एंबुलेंस के जिला प्रबंधक सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि 16 एंबुलेंस से लोगों को लाया गया। जिला अस्पताल में राधेश्याम पुत्र श्याम लाल, अभय पुत्र राधेश्याम, शुभम पुत्र प्रेम कुमार, सावित्री पुत्री राम लोटन, सुभाष चंद्र पुत्र राम लोटन, विकास पुत्र प्रेम नारायण, संध्या पुत्र प्रेम नारायण, अर्जुन पुत्र रमेश, सविता पुत्री मायाराम, पूनम पत्नी पिंटू, चमेला देवी पत्नी, श्यामलाल समेत 56 लोग बीमार हो गए। इनमें बच्चे और बूढ़े भी शामिल हैं। बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सभी का इलाज स्वास्थ्य टीम कर रही है।

घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी मोनिका रानी और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला रात में ही अस्पताल पहुंची। उन्होंने बीमार लोगों का हाल जाना। उधर वधु पक्ष गुदुवापुर गांव के लोग भी फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। यह सभी जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। दुल्हा रिंकू की भाभी लज्जावती ने बताया कि टिक्की खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका है। 

खाद्य विभाग पर उठे सवाल

अभी ठंड पड़ रही है। ऐसे में सरसों, रिफाइंड या अन्य खाद्य सामग्री के खराब होने की आशंका है। लेकिन खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी सिर्फ होटल और कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर ही छापेमारी कर मामले में शांति बना लेते हैं। ऐसे में बाजार में खाद्य पदार्थ मानक विहीन धड़ल्ले से बिक्री किए जा रहे हैं।

Untitled-16 copy

यह भी पढ़ें: प्राचीन संस्कृति और आधुनिक तकनीक का सुंदर मिश्रण है राममंदिर: जितेंद्र सिंह

संबंधित समाचार