लखीमपुर खीरी : सात कस्तूरबा विद्यालयों में अगले शिक्षा सत्र से होगी हाईस्कूल तक पढ़ाई, प्रत्येक में 100 बालिकाओं को मिलेगा प्रवेश
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः गरीब परिवार की बालिकाओं के लिए अच्छी खबर है कि अगले शिक्षा सत्र 2024-25 से सात ब्लॉकों बेहजम, पसगवां, नकहा, मोहम्मदी, बिजुआ, बांकेगंज और निघासन के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में हाईस्कूल तक पढ़ाई प्रारंभ हो जाएगी, क्योंकि इनके आवासीय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। वर्तमान में कक्षा आठ तक कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
प्रत्येक विद्यालय में 100 बालिकाओं को कक्षा नौ में प्रवेश दिया जाएगा। जनपद में कुल 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। अभी तक इनमें कक्षा छह से आठ तक पढ़ाई होती है और छात्राओं की संख्या अधिकतम 100 निर्धारित है। पिछले वर्षों में सरकार ने कस्तूरबा विद्यालयों को उच्चीकृत करने का निर्णय लिया था, जिसके बाद विद्यालयों के आवासीय भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया था।
जिन विद्यालयों के पास भूमि थी, उनमें समय से निर्माण कार्य चालू हो गया था। कुछ विद्यालयों को अभी भी भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है, जिससे उनमें आवासीय भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। वहीं ब्लॉक बेहजम, पसगवां, नकहा, मोहम्मदी, बिजुआ, बांकेगंज और निघासन में आवासीय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जिससे इनमें अगले शिक्षा सत्र 2024-25 से हाईस्कूल तक पढ़ाई प्रारंभ हो जाएगी।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि नए शिक्षा सत्र से प्रत्येक विद्यालय में कक्षा नौ में 100 छात्राओं को प्रवेश दिए जाएंगे। विज्ञान वर्ग की पढ़ाई से शुरूआत की जाएगी। शिक्षकों की भर्ती के संबंध में अभी दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं, जिससे वर्तमान में कार्यरत स्टाफ ही छात्राओं को पढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि यूपी बोर्ड से मान्यता ली जाएगी, जिसके लिए शीघ्र ही कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
2024-25 से सात कस्तूरबा गांधी विद्यालयां में हाईस्कूल की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। पहले कस्तूरबा विद्यालयों से कक्षा आठ उत्तीण करने वाली छात्राओं को प्रवेश दिए जाएंगे। इसके बाद रिक्त सीटों पर बाहरी छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा।- प्रवीण कुमार तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरीः इजराइल जाने के लिए 52 श्रमिकों का हुआ चयन, चयनितों का होगा मेडिकल टेस्ट और पुलिस वेरिफिकेशन
