बाराबंकी: 143 श्रमिक जाएंगे इस्राइल, शासन से मिली हरी झंडी, आज से शुरू होगा सभी का मेडिकल चेकअप-वेरिफिकेशन
15 दिनों के बाद सभी प्लेन से जाएंगे इस्राइल
रीतेश श्रीवास्तव, बाराबंकी। जिले के 143 कुशल श्रमिक पहले चरण में इस्राइल जाएंगे। इसकी सूची शासन से श्रम विभाग कार्यालय में आ गई है। विभाग की तरफ से गुरुवार से जिला अस्पताल में श्रमिकों का मेडिकल चेकअप कराया जायगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग इनका सत्यापन करेगी।
इस्राइल में युद्ध के बने हालात के बाद वहां पर कुशल श्रमिकों की जरूरत बताई गई थी। इसमें कई श्रेणी के श्रमिकों को वहां काम के लिए बुलाया गया है। इसको लेकर शासन की ओर से श्रम विभाग के पास जब आदेश आया तो विभाग की ओर से पंजीकृत श्रमिकों से दस जनवरी तक आवेदन मांगे गए। श्रम विभाग कार्यालय में 10 जनवरी तक करीब 200 से अधिक श्रमिकों ने जाने के लिए सहमति पत्र दिया था। आवेदनों की जाँच के बाद इन श्रमिकों को लखनऊ में श्रम विभाग की देखरेख में बुलाकर साक्षात्कार लिया गया।
इसमें इजराइल देश के कई अधिकारी भी शामिल थे। साक्षात्कार के बाद जिले के चयनित श्रमिकों की सूची शासन ने श्रम विभाग को भेज दी है। सूची में 143 श्रमिकों को इजराइल जाने की हरी झंडी मिल गई है। इनमें से 136 श्रमिकों नें बकायदा श्रम विभाग के कार्यालय में आकर जरुरी अभिलेख जमा भी कर दिए हैँ। शेष एक दो दिनों में कार्यालय में आमद करेंगे। इन सभी श्रमिकों का आज गुरुवार से सीएमओ कार्यालय या फिर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण शुरू हो गया है। इसके साथ ही पुलिस विभाग द्वारा इनका सत्यापन भी किया जायगा।
15 दिन बाद होंगे रवाना
भवन निर्माण की चार श्रेणियों के कामगारों से मांगे गए आवेदनों में सिरेमिक टाइल, प्लास्टरिंग, शटरिंग कारपेंटर (फ्रेमवर्क) और आयरन वेल्डिंग ट्रेड के श्रमिक शामिल हैं। इन ट्रेड़ो के श्रमिकों का चयन किया गया है। बताया जा रहा है की मेडिकल और वेरिफिकेशन की कार्रवाही पूरी होने के बाद करीब 15 दिनों के अंदर इन श्रमिकों को लखनऊ या फिर दिल्ली एयरपोर्ट से उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में इजराइल को रवाना किया जायगा।
शासन से जो सूची मिली है उसमें 143 श्रमिकों का चयन किया गया है। इनमें से 136 श्रमिकों ने अभिलेख भी जमा कर दिए हैं। इनका वेरिफिकेशन और मेडिकल आज से किया जायगा।
मयंक सिंह, सहायक श्रमायुक्त, बाराबंकी
यह भी पढ़ें: IT Raid : आयकर विभाग ने इस कंपनी के 11 शहरों में 30 ठिकानों पर मारा छापा, टैक्स चोरी पर हुई बड़ी कार्रवाई
