अयोध्या: हनुमंत लला को चढ़ने लगा देसी घी के लड्डुओं का चढ़ावा, हनुमानगढ़ी मंदिर प्रशासन ने की सैंपल्स की जांच
अयोध्या। विश्व प्रसिद्ध सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी में विराजमान हनुमंत लला को अब देसी घी से निर्मित लड्डू प्रसाद का चढ़ावा चढ़ने लगा है। दुकानदार ने पूर्व घोषित निर्णय के तहत बसंत पंचमी के दूसरे दिन गुरुवार से देसी घी से बने लड्डू प्रसाद की बिक्री शुरू कर दी है। अयोध्या धाम दौरे पर बीते दिनों आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी दर्शन के दौरान इसके लिए मंदिर प्रशासन और दुकानदारों को प्रेरित किया था।
हनुमानगढ़ी के मुख्य महंथ गद्दीनशीन प्रेम दास की अध्यक्षता में साधु संतों के साथ परिसर के आसपास के दुकानदारों की बैठक हुई थी। उसके बाद मंदिर प्रशासन की ओर बैठक कर बसंत पंचमी के दूसरे दिन से यह व्यवस्था प्रारम्भ करने की घोषणा की थी। हनुमानगढ़ी में देसी घी से निर्मित लड्डू प्रसाद के चढ़ावे की खबर 'अमृत विचार' ने ही अपने 31 जनवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसे लेकर हनुमानगढ़ी मंदिर प्रशासन और स्थानीय दुकानदारों की ओर से अमृत विचार की सराहना करते हुए धन्यवाद भी ज्ञापित किया था।
पहले दिन प्रसाद की दुकानों की जांच को निकले गद्दीनशीन के शिष्य
हनुमानगढ़ी पर देसी घी से बने शुद्ध लड्डू प्रसाद की बिक्री की निगरानी भी हनुमानगढ़ी मंदिर प्रशासन की ओर से प्रारम्भ कर दी गई है। पहले दिन गुरुवार को गद्दीनशीन के मुख्य शिष्य महेश दास दुकानदारों को दिए गए समयानुसार चेकिंग करने निकले। उन्होंने कई दुकानों पर जाकर लड्डू प्रसाद की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और उन्हें प्रेरित किया कि शुद्ध लड्डू प्रसाद ही चढ़ावे के लिए खरीदें। उन्होंने बताया कि जांच में शुद्धता पाई गई है।
चढ़ावे में चढ़ाए जा रहे लड्डू प्रसाद की भी जांच शुरू
जांच टीम के साथ मौजूद रहे महंत धनुषधारी दास ने बताया कि दुकानदारों को सिर्फ देशी घी से बने लड्डू को ही बेचने के लिए कहा गया है। रामु नाम के दुकानदार को गलत पाया गया है। जिसके ऊपर 5000 का जुर्माना लगाया जायेगा। बताया कि अगर नहीं मानते है तो दुकान बंद करवा कर ताला लगा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रभु के प्रसाद में कोई मिलावट सहन नहीं की जाएगी।
400 रुपये किलो लड्डू देशी घी के बिकेंगे। अभी तक वनस्पति घी का लड्डू 200 रुपये किलो बिकता था। सुधार होना बहुत जरूरी था। यह बहुत ही अच्छी पहल है।
-सुरेंद्र गुप्ता, लड्डू प्रसाद विक्रेता।
क्वालिटी सुधार पर आज पहला दिन है। अच्छा चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं से रेट को लेकर थोड़ी दिक्कत है लेकिन सब ठीक है।
-मिश्री लाल अग्रहरि, लड्डू प्रसाद विक्रेता।
'अमृत विचार' को प्रमुखता से खबर छापने के लिए धन्यवाद। आज से देशी घी के लड्डू और खोये दूध से बना प्रसाद ही बिक रहा है। श्रद्धालु अच्छा प्रसाद ही मांग रहे है।
-नंदलाल गुप्ता, अध्यक्ष, हलवाई समाज अयोध्या
हनुमंत लला को लड्डू प्रसाद देसी घी का हो यह बड़ी बात है। थोड़ा महंगा जरूर है लेकिन गुणवत्ता अच्छी हो तो फिर कोई समस्या नहीं है।
–सुरेश, श्रद्धालु, निवासी बाराबंकी।
पूना महाराष्ट्र से अयोध्या आया हूं। 400 रुपये किलो लड्डू लिया। 100 रुपये का प्रसाद घर ले जा रहा हूं। अयोध्या धाम में क्वालिटी युक्त प्रसाद बिकता है।
-गणेश महाराज डोंगरे, श्रद्धालु पूना महाराष्ट्र।
31 दिन से अयोध्या में भंडारे का वितरण कर रहा हूं। कुछ दिन पहले प्रसाद ज्यादा ठीक नहीं था। आज चेक किया अच्छा लगा। अब घर अच्छा प्रसाद ले जा रहा हूं।
–शैलेष, श्रद्धालु, गुजरात भावनगर।

यह भी पढे़ं: सुलतानपुर: 15 दिन पहले इस बार 15 मार्च से शुरू होगी गेहूं की खरीद, खाका तैयार
