गोंडा में छप्पर रखने के विवाद में मारपीट, महिलाओं समेत पांच घायल-7 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
धानेपुर/गोंडा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के पूरे दत्ता गांव में छप्पर रखने के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज की है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के पूरे दत्ता के रहने वाले अशोक कुमार के मुताबिक गुरुवार को वह अपनी भूमि पर छप्पर पर रख रहे थे इसको लेकर दूसरे पक्ष ने हमला बोल दिया। इसमें उनकी पत्नी सरस्वती, भाई की पत्नी रचना देवी और सीमा देवी को चोट आई है। बताया कि शिकायत की गई है। वहीं दूसरे पक्ष के विजय कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी भूमि पर विपक्षी छप्पर रखने की कोशिश कर रहे थे विरोध करने पर मारा-पीटा जिससे विजय और रवि को चोट आई है। पुलिस ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर दी गई है। इस पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसओ वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि अशोक की तहरीर पर मिश्रीलाल ,रवि व रजत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के विजय की तहरीर पर शिवम, अशोक ,सतीश व रामतेज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया कि घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें -गोंडा : बच्चों के बीच हुए विवाद में पड़ोसन ने दांत से महिला को काटा, पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप
