Kanpur: राष्ट्रीय शर्करा संस्थान में प्रशिक्षण लेंगे फिजी व तंजानिया के वैज्ञानिक; सीखेंगे उत्पादन के तरीके...
कानपुर, अमृत विचार। बेहतर चीनी उत्पादन के गुर सीखने के लिए फिजी और तंजानिया के वैज्ञानिक शहर आएंगे। इन देशों के साथ ही बांग्लादेश के विशेषज्ञों को भी चीनी उत्पादन से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए तीनों देशों की ओर से भारत सरकार से बातचीत चल रही है। प्रशिक्षण राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई) में दिया जाएगा।
राष्ट्रीय शर्करा संस्थान में विदेशी विशेषज्ञों को अत्याधुनिक शर्करा उत्पादन के तरीकों को समझाया जाएगा। इसके लिए संस्थान में विशेषज्ञों का पैनल बनाया जा रहा है। तकनीकी अधिकारी महेंद्र कुमार यादव ने बताया कि अनुमति मिलते ही विदेशी वैज्ञानिक यहां आ जाएंगे।
चीनी मिलों का दौरा शामिल
तीनों देश से आने वाले प्रतिनिधियों को संस्थान की ओर से चीनी मिलों का दौरा भी कराया जा सकता है। यहां से सीखने के बाद वे अपने देशों में यहां के तरीकों को अपनाकर चीनी के उत्पादन में बढोत्तरी करेंगे। संस्थान में इससे पहले भी विदेशी विशेषज्ञ आकर चीनी उत्पादन से जुड़ी बारीकियों को सीख चुके हैं। इन देशों में केन्या प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कर्मचारियों का प्रशिक्षण जरूरी
चीनी मिलों में गुणवत्ता और रसायन नियंत्रण के लिए नवीनतम विश्लेषणात्मक तकनीक विषय पर दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। राष्ट्रीय शर्करा संस्थान में हुए कार्यक्रम में प्रदेश की बीस चीनी मिलों के तकनीकी कर्मियों ने भाग लिया।
इस आयोजन में बताया गया कि कच्चे माल की गुणवत्ता और प्रक्रिया दक्षता के लिए गन्ने, चीनी व अन्य उत्पादों का सटीक विश्लेषण सुनिश्चित करना बहुत महत्वपूर्ण है। संस्थान के निदेशक नरेंद्र मोहन ने कहा कि चीनी मिलों का कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना बहुत जरूरी है। इससे उत्पादन क्षमता बेहतर होती है।
