Kanpur: डीसीपी से अभद्रता करने वाले कथित नेता पर रिपोर्ट दर्ज, गैंगस्टर अजय ठाकुर पर इनाम बढ़कर हुआ एक लाख रुपये...
कानपुर, अमृत विचार। गैंगस्टर अजय ठाकुर व उसके गुर्गों के समर्थन में पुलिस कमिश्नर के पीआरओ व डीसीपी साउथ से फोन पर अभद्रता करने वाले कथित भाजपा नेता के खिलाफ ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के आदेश पर बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बर्रा थानाक्षेत्र के जरौली में बीती 28 जनवरी को अपना दल एस की रैली पर गैंगस्टर अजय ठाकुर व उसके गुर्गे शिवांग ठाकुर, अभय भदौरिया, आकाश द्विवेदी, साहिल सोनकर उर्फ शेरा व गौतम मोगा ने हमला कर पथराव कर दिया था। बर्रा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद से गैंगस्टर समेत सभी आरोपी फरार हैं। बुधवार देर शाम को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का मंत्री बताते हुए गजेंद्र सिंह राजावत नाम के व्यक्ति ने पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के सीयूजी नंबर पर फोन किया।
पीआरओ ने फोन उठाया और कमिश्नर के मीटिंग में होने की बात कही, इस पर गजेंद्र भड़क उठा और कार्यालय पर चढ़ाई करने की धमकी दी। इस पर पीआरओ ने डीसीपी साउथ का नंबर दे दिया। गजेंद्र राजावत ने डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार को फोन कर गैंगस्टर अजय ठाकुर व उसके गुर्गे अभय भदौरिया को बेगुनाह बताते हुए फर्जी मुकदमें में फंसाने की बात कही। डीसीपी साउथ के साथ अभद्रता करते हुए बोला कि आप लोगों को संवैधानिक अधिकार है फिर भी आप लोग अंधे बने हुए हैं। अभय भदौरिया बच्चा है।
मैं लाव लश्कर के साथ फुल तैयारी के साथ कार्यालय आऊंगा। वायरल आडियो को संज्ञान में लेकर शुक्रवार को ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर ने गजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। बर्रा चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह की तहरीर पर बर्रा थाने में हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के दीनदयालपुरम, गल्लामंडी निवासी गजेंद्र सिंह राजावत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
गैंगस्टर अजय ठाकुर पर एक लाख इनाम
गैंगस्टर अजय ठाकुर के खिलाफ पुलिस ने इनामी राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दी है। अजय ठाकुर पर बर्रा, किदवई नगर, नौबस्ता समेत कई थानों में हत्या का प्रयास, रंगदारी, लूट, बलात्कार समेत 25 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। अपना दल एस की रैली पर हमला करने के बाद से बीते 20 दिनों से आरोपी अपने गुर्गों संग फरार है।
पुलिस को आरोपी की आखिरी लोकेशन कर्नाटक में मिली थी। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुपों व कॉलिंग के जरिए लोगों से संपर्क कर खुद को बेकसूर बताने में जुटा हुआ है। आरोपी की तलाश में सर्विलांस समेत पांच टीमें अलग-अलग स्थानों में दबिश दे रही हैं। गुरुवार को कथित भाजपा नेता की पैरवी का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस कमिश्नर ने इनाम की राशि एक लाख कर दी।
