बहराइच में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाया 'जो किसानों से टकराएगा चूर-चूर हो जायेगा' का नारा, किया सत्याग्रह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र की अलोकतांत्रिक भाजपा सरकार के इशारे पर राहुल गाँधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को रोकने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। आगामी लोकसभा चुनाव के मिशन में बाधा डालने जैसे घृणित व संकीर्ण सोच के तहत कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय कोष में 115 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए गए। कार्यकर्ताओं ने जो किसानों से टकराएगा चूर-चूर हो जायेगा के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने अपने हक और अधिकार को लेकर दिल्ली जा रहे किसानों पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज उनका व्यापक उत्पीड़न व दमन करने जैसे काले करतूतों पर सरकार को जमकर कोसा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज हुजूरपुर कुण्डा सर मार्ग पर स्थित लौदा महोली में कांग्रेस नेता विनय सिंह के नेतृत्व में चेतावनी सत्याग्रह किया। 

कांग्रेस नेता विनय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज करते समय शायद ये भूल गए कि हम धन की ताकत से नहीं बल्कि जन की ताकत से चुनाव लडते है और किसान, मजदूर निर्बल जन ही हमारी असली ताकत है, जिसके बल पर हम चुनाव लडते रहे हैं और आगे भी लडते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ हो रहे घोर अन्याय के खिलाफ उनके साथ कांग्रेस पार्टी आज अग्रिम पंक्ति में खडी है। उन्होंने कहा कि जो किसानों की बात करेगा वही देश पर राज करेगा। संचालन युवा कांग्रेस पयागपुर के विधान सभा अध्यक्ष अमिताभ वर्मा ने किया। 

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस नेत्री मालती पासवान ने कहा आज सत्य को बचाने के लिए असत्य के विरुद्ध राहुल गाँधी न्याय यात्रा पर है, जो आगामी 20 फरवरी को लखनऊ पहुँच रहे हैं। जिसमें आप सभी लोग अधिकाधिक संख्या में लखनऊ पहुँच कर राहुल गाँधी का ऐतिहासिक स्वागत व समर्थन करें। सत्याग्रह में प्रेम बहादुर सिंह मेवालाल निषाद कांशीराम निषाद राजितराम जगत राम चौहान ,राजू मुस्तफा , अख्तर खान सलीम अहमद नसीम इदरीशी हरेराम आर्य दिलीप चौधरी सहित कई लोगों ने अपने अपने विचार व्यक्त किए।

ये भी पढ़ें -परीक्षा में सेंधमारी करने वाला सॉल्वर गैंग गिरफ्त में, एसओजी-सर्विलांस और फिरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

संबंधित समाचार