यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: गोंडा में पहले दिन 21874 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 932 रहे अनुपस्थित
आयुक्त, एसपी व सीडीओ ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
गोंडा, अमृत विचार। यूपी पुलिस भर्ती की पहले दिन की परीक्षा की दो पालियों में 21874 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिले भर के 25 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती रही।
आयुक्त, पुलिस अधीक्षक व मुख्य विकास अधिकारी ने लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पहले दिन की दोनों पालियों में 932 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया की परीक्षाएं पूरी तरह से शांतिपूर्ण रही।

यूपी पुलिस की भर्ती के लिए 17 व 18 फरवरी को चार पालियों में परीक्षा कराई जानी है। शनिवार को पहले दिन दो पालियों में परीक्षा कराई गई। प्रत्येक पाली में 11403 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। सुबह की पाली में 441 से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में भी 491 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। परीक्षा के लिए जिले के 25 स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे।
केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे और पूरी परीक्षा की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी में करायी गयी। शनिवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुई। परीक्षा के लिये सुबह से ही अभ्यर्थी केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे। सुबह 8 बजे से अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रारंभ हो गया। सभी को 9.30 बजे तक केंद्र के भीतर प्रवेश दिया गया। प्रवेश के लिये केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी कतार नजर आई। केंद्र व्यवस्थापक के साथ ड्यूटी पर लगाए गए अध्यापकों ने अभ्यर्थियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया।

परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सेक्टर मजिस्ट्रेट भी भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे। नकल मुक्त परीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से चाक चौबंद व्यवस्था रही। देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मौलि परीक्षा के नोडल अफसर व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
करनैलगंज के कन्हैया लाल इंटर कॉलेज में दोनों पाली में कुल 915 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। एसडीएम विशाल कुमार, सीओ चंद्रपाल शर्मा परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे। मनकापुर के एपी इंटर कालेज व आरपी उंचर कालेज में भी पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण रही। उपजिलाधिकारी राजीव मोहन सक्सेना ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: 16 की लड़की... 35 का लड़का, किशोरी बोली- सौतेली मां करना चाहती है अधेड़ से शादी, पिता है शराब पीने का आदी
