Budaun News: मानदेय जारी करने को एक लाख रुपये मांगने का आरोप, तीन के खिलाफ FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। मनरेगा के अंतर्गत काम कर रहे मजदूरों का मानदेय जारी करने के लिए विकास खंड कार्यालय के लिपिक पर एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। एक रोजगार सेवक ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। कोर्ट के आदेश पर थाना इस्लामनगर में लिपिक और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बता दें थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव जगत पीपरी निवासी रोजगार सेवक दिनेश कुमार ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि नवंबर 2023 में कुछ मजदूरों ने मनरेगा के अंतर्गत कच्ची सड़क का काम किया था। उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हो सका था और न ही उन्हें काफी समय से मानदेय मिला। जिसके चलते वह 12 जनवरी को वह मनरेगा के मजदूरों से संबंधित फीडिंग और अपने मानदेय के बारे में जानकारी करने के लिए विकास खंड कार्यालय गए थे। उन्होंने विकास खंड पर तैनात फुरकान से इसके बारे में जानकारी ली। 

आरोप है कि फुरकान ने मानदेय भुगतान के बदले में एक लाख रुपये मांगे तो दिनेश कुमार ने रिश्वत देने से मना कर दिया। जिसके बाद वह अपने घर वापस आ रहे थे। इस दौरान इस्लामनगर कस्बा में जाने वाले मार्ग के पहले तिराहे पर फुरकान और दो अन्य लोगों ने तमंचे और लाठी-डंडों के बल पर उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। वहीं मारपीट भी शुरू कर दी। 

राहगीरों की भीड़ लगी तो फुरकान समेत तीनों हमलावर आइंदा देख लेने की धमकी देकर भाग गए। वहीं शिकायत करने के बाद भी इस्लामनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर आरोपी फुरकान और दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट, धमकाने और एससीएसटी एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढे़ं- Budaun News: अब सामूहिक विवाह के आवेदन के समय देने होंगे गवाहों के नाम, समाज कल्याण विभाग ने जारी की एडवाइजरी

 

संबंधित समाचार