Lucknow murder: अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने करवाई पति की हत्या, चार गिरफ्तार-15 दिन पहले ही कर डाली प्लानिंग
लखनऊ, अमृत विचार। गुडम्बा थानाक्षेत्र अंतर्गत नेहरू विहार कॉलोनी में शनिवार देर रात अवैध सम्बन्धों के चलते एक महिला ने प्रेमी के संग मिलकर सिक्योरिटी गार्ड पति गुरु प्रसाद यादव उर्फ नीरज (40) की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अन्जाम देकर भाग रहे हत्यारोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड की पत्नी समेत चार लोगों की गिरफ्तारी की है।
15 दिन पूर्व रची साजिश
एसीपी गाजीपुर विकास जायसवाल के मुताबिक, क्षेत्र के नेहरू विहार कॉलोनी निवासी गुरु प्रसाद यादव उर्फ नीरज सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह पत्नी पूनम यादव और दो बेटों के संग रहता था। पूनम ने बताया कि घर की तंगहाली के चलते वह बाहर काम करने लगी। इस बीच उसकी दोस्ती प्रतापगढ़ के शाहबड़ी निवासी शिवकुमार से हो गई। दोनों में नजदीकियां भी बढ़ गई। प्रभारी निरीक्षक नितीश श्रीवास्तव ने बताया कि शिवकुमार इंदिरानगर के खुर्रमनगर क्षेत्र में दोस्त राज गौतम और रवि शर्मा के साथ रहता है। वहीं, सिक्योरिटी गार्ड गुरु प्रसाद यादव नशे का आदी था। जिस वजह से वह पूनम से मारपीट करता था। 15 दिन पूर्व पति की प्रताड़ना से तंग आकर पूनम ने प्रेमी शिवकुमार के संग पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची ली। शिवकुमार ने इस साजिश में दोस्त राज गौतम और रवि शर्मा को भी शामिल कर लिया।
शक के आधार पर पुलिस ने पकड़ा
हत्यारोपी पत्नी पूनम ने बताया कि वारदात को अन्जाम दिलाने के लिए शनिवार रात उसने घर का मेनगेट अंदर से बंद नहीं किया। रात करीब पौन दो बजे प्रेमी शिवकुमार दोस्त राज और रवि के संग पूनम के घर दबे पांव पहुंचा। इस दौरान कमरे में गुरू प्रसाद गहरी नींद में सो रहा था। इसी बीच दोस्त राज और रवि ने गुरू प्रसाद के हाथ-पांव पकड़ लिए। उसके बाद शिवकुमार ने सिक्योरिटी गार्ड का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अन्जाम देने के बाद हत्यारोपी घटनास्थल से बाहर चले। उनके जाने के बाद पूनम ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि करीब सवा दो बजे पेट्रोलिंग कर रही पुलिस ने शिवकुमार व उसके दोस्त राज और रवि को संदिग्ध मानकर रोक लिया था। तीनों बेहद घबराए हुए थे। पुलिस ने पूछताछ की तो वह इधर-उधर की बातें करने लगे। शक के आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तब हत्यारोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। चारपाई पर मृत अवस्था में मिले सिक्योरिटी गार्ड के शव को कब्जे में लेते हुए हत्यारोपी पत्नी पूनम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: सलीम, रुस्तम, सोहराब गैंग के गुर्गे का कारनामा-52 लाख लेकर बेची सरकारी जमीन
