गोंडा: इंतजार करती रही दुल्हन, नहीं आई बारात, मायूसी में बदली शादी की खुशियां
खरगूपुर /गोंडा, अमृत विचार। खरगूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को शादी की खुशी मायूसी में बदल गयी। वधू पक्ष को लोग रात भर बारात का इंतजार करते रहे लेकिन बाराती नहीं आए। बारात न आने से शादी की रस्म नहीं पूरी हो सकी और सारी व्यवस्था धरी की धरी रह गई। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक युवक ने दूल्हे के पास दुल्हन की अश्लील विडियो भेज दी और उसे सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। जिसके बाद दूल्हे ने शादी करने से मना करते हुए बारात लाने से इंकार कर दिया। मामले में दुल्हन के परिजनों ने विडियो भेजने वाले युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के रहने वाली एक युवती की रविवार को शादी थी। शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी।घर पर बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी और दुल्हन समेत परिवार व गांव को लोग बारात के आने का इंतजार कर रहे थे लेकिन आधी रात तक बारात नहीं आई। दुल्हन के परिवार वालों ने जब दूल्हे के परिजनों से बात की तो पता चला कि बारात नहीं आ रही है। इसके बाद दुल्हन के परिवार में हड़कंप मच गया। बारात इन आने का कारण पूछा गया तो दूल्हे ने दुल्हन का अश्लील विडियो वायरल होने की जानकारी दी। दूल्हे ने यह भी बताया कि दुल्हन के गांव को ही एक युवक ने उसे यह अश्लील विडियो भेजा है। यह जानकर दुल्हन के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। वह भागकर विडियो वायरल करने वाले युवक के घर गए तो उसने अपने परिवार वालों के साथ दुल्हन के पिता को मारने के लिए दौड़ा लिया। पीड़ित पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पूरी हो चुकी थी तिलक की रस्म
पिता को मुताबिक उन्होने अपनी बेटी का विवाह इसी थाना क्षेत्र के एक गांव में तय किया था। शादी से पूर्व तिलक कार्यक्रम सम्पन्न हो चुका है। तिलक में उसने वर पक्ष को 21 हजार नकद एक अपाची बाइक व अन्य सामान दिया गया था। 18 फरवरी को बारात पहुंचनी थी, लेकिन वर पक्ष बारात लेकर नहीं आया।
