Ganga Barrage: दवा कारोबारी की मौत के बाद गंगाबैराज पर ग्राउंड चेकिंग…पुलिस को देख भाग रहे लोग
कानपुर में हादसे के बाद गंगाबैराज पर ग्राउंड चेकिंग
कानपुर, अमृत विचार। गंगाबैराज से बिठूर मार्ग पर तेज रफ्तार कार से स्टंट करने में नाबालिग ने दवा कारोबारी निकेश तलाटी को कुचल दिया था। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई थी। स्टंट के खेल में पूर्व में भी कोई बेगुनाहों की जान जा चुकी है। लेकिन स्टंट से मौत का खेल नहीं थम रहा है। हादसे के तीसरे दिन बाद पुलिस कुंभकरणीय नींद से जागी और ग्राउंड चेकिंग शुरू की। इस दौरान वाहन सवारों में हड़कंप मचा रहा।
कुछ दिन पहले गंगा बैराज पर सब इंस्पेक्टर से उलझती हुई एक युवती का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बिना हेलमेट स्कूटी चला रही युवती ने रोकने पर सब इंस्पेक्टर से अभद्रता कर झापड़ मार दिया था। आज तक वह पकड़ी नहीं जा सकी है। आए दिन गंगा बैराज पर अनियंत्रित गति की वजह से लोगों को तो जान से हाथ धोना पड़ता है, साथ ही लॉ एंड ऑर्डर की परेशानी भी होती है।
इस परेशानी से मुक्ति दिलाने का काम कमिश्नरेट पुलिस ने शुरू कर दिया है। डीसीपी सेंट्रल आरके गौतम ने बताया कि नवाबगंज और कोहना थाने को अतिरिक्त पुलिस फोर्स दिया गया है। गंगा बैराज पर बैरियर लगा दिए गए हैं। सोमवार शाम एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार के नेतृत्व में कोहना और नवाबगंज थाने की पुलिस ने एक साथ ग्राउंड चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान पुलिस का मोनोग्राम लगी स्कूटी को रोका गया तो तीनों सवारों की जांच करने में तीनों शराब के नशे में मिले। वहीं तलाशी लेने पर बियर और शराब की पैकेट भी मिले। पूछताछ में तीनों ने शराब पीने और ले जाने की बात तो स्वीकार कर ही ली साथ ही ज्यादा नशे में होने की बात बताई। तीनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
वहीं कानपुर से उन्नाव की तरफ एक स्कूटी पर तीन महिलाओं और एक पुरुष को रोककर हिदायत दी गई। शाम सवा चार बजे से शुरू हुई चेकिंग साढ़े सात बजे तक चली। बैरियर लगाकर शुरू हुई चेकिंग में नियम तोड़ने वाले बीच पुल से ही गलत साइड भागकर पुलिस से बचते नजर आए।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: ...जब ट्रांसफर होने के बाद विदाई समारोह में फूट-फूटकर रोए दरोगा, वायरल हो गया VIDEO, आप भी देखें
