Bareilly News: फर्जी आर्मी अधिकारी बताकर ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आर्मी के इंटेलिजेंस विभाग का अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अपने पहनावे और कदकाठी का फायदा उठाकर यह गिरोह अपने जाल में फंसाकर नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करता है। इस गिरोह का एक सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। 

थाना सुभाषनगर के रामऔतार हलवाई वाली गली में रहने वाले सुधांशु ने बताया वह सर्किट हाउस स्थित शराब की कैंटीन में काम करता है। उसकी कैंटीन में एक युवक अपने आप को आर्मी इंटेलिजेंस का अधिकारी बताकर आता था। जिसने उसे अपना नाम सुरेंद्र सिंह निवासी मेरठ बताया। 

उसने सुधांशु को बताया कि उसकी सेना में बहुत बढ़िया जान पहचान है। वह उसकी आर्मी सेना की कैंटीन में तीस हजार रुपये महीना की नौकरी लगवा सकता है। उसके लिए उसे 25 हजार रुपये, जरूरी कागजात के साथ चार लोगों को अपने साथ लाना होगा। सुधांशु उसकी बातों में आ गया। उसने सोमवार को उसे 25 हजार रुपये और जरूरी कागजात दे दिए। इस दौरान उसने सुधांशु से 25 हजार रुपये और मांगे। 

इस दौरान सुधांशु को शक होने पर उसने एक आर्मी अधिकारी से मालूम किया कि कैंटीन में कोई जगह निकली है तो उन्होंने मना कर दिया। अपने साथ ठगी होने के शक पर उसने तुरंत ही थाना कैंट पुलिस को फोन किया। जिसके बाद कैंट पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। 

आर्मी की कैप आदि लगाकर कैंटीन में आता था 
जिस कैंटीन में सुधांशु काम करता था उसमें मोहम्मद मुस्ताक उर्फ सुरेंद्र ठाकुर अक्सर शराब पीने आता था। उसकी कद काठी आर्मी ऑफिसर की तरह थी और वह खुद को आर्मी इंटेलिजेंस विभाग का अधिकारी बताता था। जिस कारण सुधांशु ने उस पर विश्वास कर लिया। गिरोह के सदस्य बहुत ही होशियार हैं। वह अपना नाम और पता बदलकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। 

इसका खुलासा गिरोह के पकड़े गए सदस्य मोहम्मद मुस्ताक से हुआ। वह अपना नाम लोगों को सुरेंद्र ठाकुर बताता था। पकड़े गए ठग के गिरोह में कोई राणा नाम का व्यक्ति शामिल है। जो लोगों से आर्मी अधिकारी की ड्रेस में मिलता है और मुस्ताक द्वारा लिए गए रुपयों का बंटवारा करता है। बीती रात पुलिस ने इसे भी बुलाया लेकिन वह माजरा भांप गया और नहीं आया। फिलहाल पुलिस इसकी तलाश में जुटी है। गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। यह लोग बेरोजगारों को अपना आसान शिकार बनाते हैं।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: एसएसपी ऑफिस में लगा कैंप, फरियादियों और पुलिस कर्मियों को खिलाई गई फाइलेरिया की दवा

 

 

संबंधित समाचार