Kanpur: मां-बेटे पर दर्ज हुआ मुकदमा; केडीए कार्यालय में ही आत्महत्या करने की दी थी धमकी...
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर विकास प्राधिकरण में एक माह पूर्व मां बेटे ने जमकर हंगामा काटा था। इस दौरान उन लोगों ने कार्यालय में अभद्रता कर आत्महत्या की धमकी दी थी। इस मामले में विशेष कार्याधिकारी की तहरीर पर मां बेटे पर एफआईआर दर्ज की गई।
केडीए के विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला ने पुलिस को बताया कि हिमांशु सिंह निवासी विजय नगर तथा इनके पड़ोसी रवि कुमार शाह ने अवैध निर्माण किया है। जिसके संबंध में कानपुर विकास प्राधिकरण ने अवैध उप्र नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्रवाई की थी।
बताया कि हिमांशु सिंह अपनी मां हेमन्ती सिंह के साथ कार्यालय में 27 जनवरी 2024 को आए और जमकर हंगामा किया। अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आत्महत्या करने की धमकी दी थी।
इस संबंध में स्वरूप नगर इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि केडीए के विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला की तहरीर पर हिमांशु सिंह और हेमंती सिंह पर एफआईआर दर्ज की गई है।
