Up Police Exam Paper Leak: फर्रुखाबाद में परीक्षार्थियों ने सांसद के घर का किया घेराव; लगाए ये आरोप...
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने बुधवार को सांसद मुकेश राजपूत के आवास का घेराव कर लिया। अभ्यर्थियों ने मांग की कि पुलिस भर्ती परीक्षा दोबारा कराई जाए। अभ्यर्थी काफी समय तक हंगामा करते रहे, और उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सांसद मुकेश राजपूत को सौपा।
पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल रागिनी ने बताया कि 17 और 18 फरवरी को जो पुलिस भर्ती परीक्षा हुई है, उस परीक्षा में पूरी तरह से धांधली की गई है। जो पेपर शाम तीन बजे होना था, उसे सोशल मीडिया पर नौ बजे ही आउट कर दिया गया। जिससे काफी लोग अच्छे नंबरों से पास हो गए।
जो परीक्षार्थी तैयारी करके परीक्षा में शामिल हुए थे वे रूक गए। यही कहना मनोज का है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया हरलाल का रहने वाला मनोज बताता है कि प्रश्न पत्र पहले ही आउट कर दिया गया। उसका कहना है कि यह परीक्षा दोबारा कराई जाए। सांसद मुकेश राजपूत को ज्ञापन देकर उसने दोबारा परीक्षा कराई जाने की मांग की है।
रागिनी ने बताया कि सांसद मुकेश राजपूत ने उन लोगों को न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिया है। इसी भरोसे के चलते वे लोग वापस लौट रहे हैं। यदि दोबारा परीक्षा न कराई गई तो परीक्षा में शामिल सभी परीक्षार्थी आंदोलन करके मुख्यमंत्री से मांग करेंगे और जब तक दोबारा परीक्षा नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर हजारों की संख्या में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी मौजूद रहे।
