गोंडा में ढाबे पर हो रहा था घरेलू गैस का उपयोग, Raid में पकड़े गए सिलेंडर
परसपुर/ गोंडा, अमृत विचार। ढाबे पर घरेलू गैस का उपयोग हो रहा था। पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी की तो चार घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद पूर्ति निरीक्षक ने आरोपी होटल संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
जिले में होटल संचालकों द्वारा कमर्शियल गैस की जगह पर घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है। जिसकी शिकायत आपूर्ति विभाग में हो रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने शिकायत पर टीम गठित कर आदेश दिया था। कर्नलगंज के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रामशरण की अगुवाई में पूर्ति निरीक्षक महेश प्रसाद तथा सुनील दिवाकर ने परसपुर थाना क्षेत्र के परसपुर बेलसर रोड स्थित पुजारी ढाबा पर छापेमारी की तो मौके पर दो घरेलू गैस सिलेंडर तथा दो खाली सिलेंडर मिले। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी नेहा शर्मा को दी। जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज करने को कहा। स्थानीय पूर्ति निरीक्षक महेश प्रसाद ने परसपुर थाने में ढाबा संचालक सचिन सिंह निवासी राजा टोला परसपुर के खिलाफ बिना अग्निशमन उपकरण के घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग प्रतिष्ठान पर करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
तहरीर के आधार पर परसपुर पुलिस ने आरोपी होटल संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडे ने बताया कि होटल पर घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग नहीं किया जा सकता। वही परसपुर थाना अध्यक्ष शेषमणि पांडे ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर ढाबा संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर बनी है फाइलेरिया रोधी दवा, डिप्टी सीएम बोले-खाने पर नहीं करती नुकसान
