श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद पर हाईकोर्ट में शुक्रवार को भी होगी सुनवाई
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद को लेकर दाखिल अर्जियों पर गुरुवार को सुनवाई हुई। गुरुवार सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक मुस्लिम पक्ष की ओर से अधिवक्ता तसलीम अहमदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बहस की। दोपहर 2:00 बजे से 3:30 बजे तक दोबारा मुस्लिम पक्ष ने अपने तर्क प्रस्तुत किए। हिंदू पक्ष की ओर से दाखिल अर्जियों की पोषणीयता को आदेश 7 नियम 11 के तहत चुनौती दी गई है।
गुरुवार की सुनवाई में विवादित परिसर का अमीन सर्वे कराए जाने की मांग को लेकर दाखिल अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी है। कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई पूरी न होने की वजह से शुक्रवार को सुनवाई करने के लिए कहा है। मामले से संबंधित सभी 18 अर्जियों पर सुनवाई न्यायमूर्ति मयंक कुमार जैन की एकलपीठ के समक्ष चल रही है।
शुक्रवार को ईदगाह मस्जिद और यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की ओर से बची हुई दलीलें पेश की जाएंगी। इसके बाद हिंदू पक्ष मामले को लेकर अपना पक्ष रखेगा। मामले में दाखिल अधिकांश अर्जियों में शाही ईदगाह मस्जिद को हिंदुओं का धार्मिक स्थल बताकर उसे हिंदुओं को सौंपे जाने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: किशोरी को बेचने के लिए ले जा रहे थे शिमला, एसएसबी ने पकड़ा
