UP Board: हाईस्कूल में 3651 और इंटर में 2035 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा, परीक्षा केंद्रों पर दिखी सख्ती
गोंडा, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से प्रारंभ हो गई। पहले दिन की प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा करायी गयी। हिंदी की परीक्षा से 3651 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी की परीक्षा हुई। इस पाली में भी 2035 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर सख्ती दिखी।
यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर जिले में 143 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है इस बार कुल 92000 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं बृहस्पतिवार को पहले दिन की प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा कराई गई।

बोर्ड परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। परीक्षार्थी सुबह ही अपने केंद्रों पर पहुंच गए। केंद्र के भीतर प्रवेश से पहले गेट पर ही विद्यार्थियों की शघन तलाशी ली गई। इसके बाद उन्हे प्रवेश दिया गया। हाईस्कूल की परीक्षा में 51477 परीक्षार्थियों को शामिल होना था लेकिन 3651 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
इसी तरह दूसरी पाली में इंटरमीडियट के हिंदी की परीक्षा हुई। इंटरमीडिएट में पंजीकृत 40595 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 38560 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 2035 परीक्षा से अनुपस्थित रहे। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व सचल दल की टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रहीं। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पहले दिन की परीक्षाएं पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहीं।

एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कई स्कूलों का निरीक्षण किया और परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा केन्द्रों पर लगे मजिस्ट्रेट, स्कूल के प्रधानाचार्य व पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों से बात कर परीक्षा की जानकारी ली। एसपी ने सभी को परीक्षा सुचारू रूप से निर्विवाद, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: किशोरी को बेचने के लिए ले जा रहे थे शिमला, एसएसबी ने पकड़ा
