यूपी विधान परिषद की 13 सीटों के लिए 21 मार्च को होगा मतदान, जारी हुआ नोटिफिकेशन
लखनऊ। विधान परिषद की खाली हो रही 13 सीटों के लिए चुनाव होना है। जिसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय उत्तर प्रदेश की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार 21 मार्च को 13 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 9:00 बजे शुरू होगा जो शाम को 4:00 बजे चलेगा।
वहीं, 21 मार्च को ही मतगणना होगी, मतगणना शाम 5:00 बजे से शुरू की जाएगी। 23 मार्च से पहले निर्वाचन कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। 5 मई 2024 को उत्तर प्रदेश की 13 विधान परिषद के सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद इन खाली पदों को भरने के लिए चुनाव कराना है जिसके लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप की ओर से जारी किए गए पत्र के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 4 मार्च से शुरू होगी। 4 मार्च को नाम निर्देशन की अधिसूचना का कार्य किया जाएगा। नाम निर्देशन हेतु अंतिम तिथि 11 मार्च निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन की समीक्षा के लिए 12 मार्च का दिन निर्धारित किया गया है। 14 मार्च तक नाम वापस लिया जा सकता है।
5 मई 2024 को इन विधानपरिषद सदस्यों का कार्यकाल होगा समाप्त
1. डॉ. महेंद्र सिंह, भाजपा
2. मोहसिन रजा, भाजपा
3. अशोक कटियार, भाजपा
4. अशोक धवन, भाजपा
5. बुक्कल नवाब, भाजपा
6. यशवंत, भाजपा
7. विजय बहादुर पाठक, भाजपा
8. विद्यासागर सोनकर, भाजपा
9. डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, भाजपा
10. निर्मला पासवान, भाजपा
11. आशीष पटेल, अपना दल
12. नरेश उत्तम पटेल, सपा
13. भीमराव अंबेडकर, बसपा
यह भी पढ़ें:-हरदोई: चेहरे पर झुर्रियां, कंपकंपाता जिस्म, जुबां खमोश, बेबस आंखों को किसी अपने का अभी भी इंतजार...
