बाराबंकी: घाघरा नदी के संजय सेतु का जॉइंटर चार स्थानों से टूटा, बढ़ा खतरा
रामनगर/बाराबंकी,अमृत विचार। घाघरा नदी पर बने पुल संजय सेतु में जॉइंटर (लोहे का गार्डर) चार स्थानों से टूट गया। जिसके चलते आवागमन ठप्प हो गया। वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी जाम लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने वन साइड व्यवस्था करके जाम खत्म कराया और इसकी जानकारी एनएचआई के अधिकारियों को दी गई।
मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने बोरियों में बालू भरकर डाल दिया और चले गए। हैरत की बात तो यह है पड़ोसी देश नेपाल से राजधानी लखनऊ को जोड़ने वाले हाईवे मार्ग की मरम्मत और रखरखाव के प्रति जिम्मेदार अधिकारी बहुत ही उदासीन है। शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे घाघरा नदी पर स्थित संजय सेतु का जॉइंट चार जगह टूट गया।

जिससे राजधानी लखनऊ से नेपाल बलरामपुर गोंडा बहराइच श्रावस्ती आवागमन ठप्प हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वन साइड करके यातायात को शुरू कराया। कई किलोमीटर तक जाम में फंसे वाहन घण्टों कछुए की चाल रेंगते रहे। तब जाकर जाम से छुटकारा मिल पाया।
समाचार लिखे जाने तक एनएचआई के द्वारा जॉइंट लोहे के गार्डर को ठीक नहीं किया गया था। सिर्फ बोरियों में बालू भरकर ज्वाइंटर पर डाल दिया और गायब हो गए थे। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही चर्चा का विषय बनी हुई है। लोधेश्वर महादेवा में महाशिवरात्रि पर्व पर लगने वाला विशाल मेला लगभग शुरू हो गया है। अगर स्थाई व्यवस्था नहीं की गई तो अधिकारियों की लापरवाही कानून व्यवस्था पर भारी पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: अधिवक्ताओं के विरोध पर हटाए गए मनकापुर के एसडीएम व तहसीलदार, जानें पूरा मामला
