Kanpur News: खेलने के दौरान फिसला पैर…नहर में जा गिरा बच्चा, मौत, घर से 250 मीटर दूर हुआ हादसा
कानपुर में नहर में डूबने से बच्चे की मौत
कानपुर, अमृत विचार। दामोदर नगर में घर के बाहर खेलने के दौरान दो वर्षीय बच्चा नहर में गिर गया। काफी देर तक न दिखने पर परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से नहर में तलाश की कि तो घर से करीब 250 मीटर की दूरी पर बच्चे का शव नहर में उतराता मिला।
मूलरूप से जहानाबाद के चटिया गांव निवासी मजदूर राजेश पासवान पत्नी रेशमा बेटी खुशबू, नन्नू व दो साल के बेटे सूर्या के साथ दामोदर नगर नहर पटरी के किनारे रहते हैं। राजेश ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनका दो साल का बेटा सूर्या घर के बाहर गेंद से खेल रहा था।
इस दौरान वह झोपड़ी में मोबाइल रखने चले गए। तभी सूर्या खेलते खेलते झोपड़ी के पीछे नहर किनारे चला गया और खेलने के दौरान उसका पैर फिसल गया। जिस कारण वह नहर में जा गिरा। काफी देर तक सूर्या के न मिलने पर परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
परिजनों ने पड़ोसियों के साथ नहर में तलाश शुरू की, तो सूर्या का शव घर से 250 मीटर दूरी पर नहर में उतराता मिला। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। शव को मोर्चुरी में रखवा कर अधिकारियों से राय ली जा रही है।
