Unnao Suicide: बेटी की शादी का टूटा रिश्ता...पिता ने फंदा लगाकर दे दी जान, विवाहिता ने भी इस वजह से चुनी मौत
उन्नाव में विवाहिता व परेशान पिता ने फांसी लगा दी जान
उन्नाव, अमृत विचार। बीघापुर कोतवाली अंतर्गत विवाहिता ने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। बच्चे को रोता देख सास कमरे पहुंची और बहू को लटका देख उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर परिजन पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पिता की सूचना पर सीओ पहुंची और जांच के बाद शव उतरवाया।
घटना के समय विवाहिता का पति लखनऊ में था। वहीं वर पक्ष द्वारा शादी से इंकार करने से आहत पिता ने फंदे से लटककर जान दे दी। पिता का शव लटका देख बच्चों के होश उड़ गए। सूचना पर संबंधित थानों की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे है।
केस-1
बीघापुर कोतवाली व कस्बा के मोहल्ला गिरजा नगर निवासी मनोज की पत्नी पूनम (26) ने गुरुवार रात कमरे में लगे पंखे के कुंडे में साड़ी का फंदा गले में कसकर फांसी लगा ली। रात करीब 11 बजे उसके कमरे से बेटे आयंश के काफी देर से रोने की आवाज सुनकर सास रामदुलारी की आंख खुली तो वह कमरे में पहुंची। जहां बहू का शव फंदे से लटका देख उसने शोर मचाया। इस पर पड़ोसी व परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी पर सीओ माया राय व एसओ बीघापुर ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव फंदे से नीचे उतरवाया। इसी बीच जानकारी पाकर बारासगवर थानाक्षेत्र के भगवान खेड़ा निवासी विवाहिता के पिता शिवबहादुर बेटे विकास के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे। मामला विवाहिता की मौत से जुड़ा होने से एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार अशोक शुक्ला की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई के बाद शुक्रवार को पैनल से डा. विमल आर्या व डा. उमेंद्र सिंह ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें हैंगिंग से मौत होने की पुष्टि हुई।
विवाहिता का पति मनोज लखनऊ में एक बेकरी नौकरी करता है। वह करीब 15 दिन में घर आता था। बीती 13 फरवरी को वह घर आया था और दो दिन रुकने के बाद लौट गया था। 25 फरवरी को उसे एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आना था। पति ने बताया कि गुरुवार शाम छह बजे उसकी पत्नी से फोन पर बात भी हुई थी। पुलिस ने जांच के लिए फोन कब्जे में लिया है।
पिता ने बताया कि उसने बेटी की शादी छह साल पहले की थी। उसने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। विवाहिता की मौत से उसके दो अबोध बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। एसओ अखिलेश तिवारी ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केस-2
माखी थानांतर्गत रायपुर गढ़ी गांव निवासी राम प्रकाश (48) पुत्र अयोध्या प्रसाद की बेटी शादी तय थी। इसी 25 फरवरी को गोदभराई होनी थी। चर्चा है कि किन्हीं कारणों से बेटी का रिश्ता टूट गया था। इसे लेकर वह काफी परेशान रहता था। ग्रामीणों में चर्चा रही कि वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया था। उसकी पत्नी बीती 15 फरवरी से अपने मायके में थी।
गुरुवार रात राम प्रकाश ने जीने में निकली सरिया में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह बच्चों ने पिता को लटके देखा तो उनमें कोहराम मचा गया। शोर सुन पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसओ संदीप मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं है। दिवंगत खेती करता था और उसके चार बच्चे हैं। पति की मौत से पत्नी सोनी सहित सभी रो-रोकर बेहाल है।
ये भी पढ़ें- Unnao Crime: घर में घुसा युवक...चाकू के बल पर महिला की लूटी अस्मत, रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटकती रही पीड़िता
