UP: 'पूरी हिस्ट्री है आपकी, मुकदमा लिख दूंगा', डीसीपी की गाड़ी के आगे वकील ने पीड़ितों को बैठाया; खींची फोटो, हुई नोंकझोंक...
अधिवक्ता विवेक का आरोप- तीन घंटे कार्यालय में बैठने के बावजूद डीसीपी साउथ ने नहीं सुनी फरियाद
कानपुर, अमृत विचार। मारपीट के मामले में फरियादी के साथ आए अधिवक्ता डीसीपी साउथ ऑफिस के बाहर काफी इंतजार के बाद नाराज हो गए। अधिवक्ता ने डीसीपी साउथ की गाड़ी के सामने बैठा कर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
जानकारी के बाद डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार व अधिवक्ता में तीखी नोक झोंक हुई। दोनों के बीच कहासुनी का वीडियो भी सामने आया। वीडियो में डीसीपी साउथ ने अधिवक्ता से कहा कि आपकी पूरी हिस्ट्री है हमारे पास.... मुकदमा लिख दूंगा। जिस पर अधिवक्ता ने कहा कि मै भी आपके खिलाफ मुकदमा लिखवाउंगा।

हनुमंत विहार क्षेत्र के अर्रा गांव निवासी प्रबल प्रताप सिंह व प्रवीन सिंह के बीच आपस में मारपीट हुई थी। थाने में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गुरुवार को प्रबल प्रताप सिंह के परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय गए थे, जिस पर उन्हें डीसीपी साउथ कार्यालय जाने को कहा गया था। शुक्रवार को प्रबल की मां सविता देवी, गौरी सिंह व साली प्रतिमा सिंह अपने अधिवक्ता विवेक शुक्ला के साथ पराग डेयरी स्थित डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंची।
अधिवक्ता विवेक ने आरोप लगाया कि तीन घंटे कार्यालय में बैठने के बावजूद डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने उनकी फरियाद नहीं सुनी। जिसके बाद अधिवक्ता ने फरियादियों को डीसीपी साउथ की गाड़ी के सामने बैठा कर फोटो खींच ली और फोटो वायरल कर दी। पेशकार ने मामले की जानकारी डीसीपी साउथ को दी, जिसके बाद वह अपने कार्यालय से बाहर आए और फरियादियों को उठ कर मामले की जानकारी देने की बात कही।
इस पर अधिवक्ता और डीसीपी साउथ के बीच तीखी नोक झोंक शुरू हो गई। डीसीपी साउथ ने अधिवक्ता से कहा कि हमें पता है कि आप क्या करते है... 50 आदमी आ रहा है कार्यालय में बैठा हुआ है, यहां गाड़ी के आगे आकर बैठा दिया, ये कोई तरीका होता है... वकालत कर रहे है यहां पर। जिस पर अधिवक्ता ने कहा कि सुबह 11 बजे से पीड़ित यहां बैठा हुआ है... मिल ही नहीं रहे है। इस दौरान कार्यालय में खड़े लोगों ने मामले की वीडियो बना लिया।
