लोकसभा चुनाव 2024: अलीगढ़ में बीएल संतोष ने पदाधिकारी के साथ की बैठक, 30 बिंदुओं पर हुई चर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के शंखनाद से पहले भाजपा संगठन अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटा है। इसी को लेकर 23 फरवरी को ब्रज क्षेत्र के सभी 13 लोकसभा क्लस्टरों की बैठक अलीगढ़ में हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने संगठन के पदाधिकारी के साथ बैठक करते हुए करीब 30 बिंदुओं पर चर्चा की।

रामघाट रोड  स्थित एक गेस्ट हाउस में सुबह 11 बजे से इस बैठक का पहला सत्र शुरू हुआ। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने बैठक में मौजूद लोकसभा क्लस्टर जिला प्रभारी, क्लस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, लोकसभा विस्तारक, जिला अध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष, विधानसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत जल्द ही आम चुनाव की घोषणा होने वाली है, हमारी तैयारी जमीनी स्तर पर कितनी है, हमें यह विश्लेषण करना होगा। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा की पिछले 10 वर्ष में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश हित और लोकहित में बहुत काम किए हैं। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जिन लाभार्थियों को मिला है क्या पार्टी कार्यकर्ता उनके संपर्क में है?  हमें निरंतर प्रत्येक मतदाता के संपर्क में रहने की आवश्यकता ह।

आगे कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह चुनाव को किसी भी प्रकार से हल्के में ना लें चुनाव को पूरी गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत करना है। दो सत्रों में हुई बैठक के दौरान उन्होंने चुनाव के माइक्रो मैनेजमेंट पर चर्चा की। उन्होंने एक-एक वोट की कीमत को पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को समझाया। 

लोकसभा प्रत्याशियों को लेकर उन्होंने कहा कि लोकसभा में प्रत्याशी कौन है यह पार्टी संगठन समय आने पर तय करेगा, लेकिन अभी प्रत्याशी एकमात्र कमल का फूल है जिसका प्रचार प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर करना है। उन्होंने लाभार्थी संपर्क अभियान घर-घर गांव गांव जाने के कार्यक्रम बूथ सम्मेलन लोकसभा संपर्क कार्यक्रम पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता के सामने पार्टी कार्यकर्ता को जाकर कमल के फूल का प्रचार करना है ।

बैठक में ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, ब्रज क्षेत्र महामंत्री राकेश मिश्रा, नागेंद्र सिकरवार, एटा लोकसभा प्रभारी नागेंद्र दुबे गामा, फिरोजाबाद लोकसभा संयोजक वृंदावन लाल गुप्ता, कासगंज जिला अध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी सहित ब्रज क्षेत्र के 13 लोकसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- सपा से गठबंधन के बाद कांग्रेस में मची रार! सलमान खुर्शीद का दर्द, कहा- टूट सकता हूं लेकिन...

संबंधित समाचार