Kanpur Metro: ‘नाना’ ने अपना चौथा और अंतिम ब्रेक थ्रू किया हासिल...चुन्नीगंज-नयागंज अप लाइन पर टनल निर्माण पूरा
कानपुर में चुन्नीगंज-नयागंज अप लाइन पर टनल निर्माण पूरा
कानपुर, अमृत विचार। चुन्नीगंज, नयागंज भूमिगत सेक्शन के अप-लाइन पर ‘नाना’ (टीबीएम मशीन) ने अपना चौथा और अंतिम ब्रेक थ्रू हासिल कर लिया है। मैकरॉबर्टगंज से चुन्नीगंज स्टेशन तक 'अप-लाइन' पर बनाया लगभग 420 मीटर लंबा टनल, लगभग 4 किमी. लंबे चुन्नीगंज-नयागंज भूमिगत सेक्शन के ‘अप-लाइन‘ में टनल निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है।
मैकरॉबर्टगंज से ’अप-लाइन’ पर लगभग 420 मीटर के टनल निर्माण के बाद ‘नाना‘ टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम मशीन) ने चुन्नीगंज स्टेशन पहुंचकर अपना चौथा और अंतिम ब्रेकथ्रू हासिल किया। इसके साथ ही चुन्नीगंज-नयागंज भूमिगत सेक्शन के 'अप-लाइन' पर टनल निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।

‘नाना‘ टीबीएम मशीन को मैकरॉबर्टगंज स्थित लॉन्चिंग शाफ्ट से चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन तक ‘अप-लाइन‘ पर टनल निर्माण के लिए दिसंबर 2023 में लॉन्च किया गया था। इस दौरान मशीन ने कुल 300 रिंग्स लगाए और दोपहर लगभग 12 बजे चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन पहुंची।
जहां उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लि. (यूपीएमआरसी) औैर कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में इसका स्वागत किया गया। मैकरॉबर्टगंज से चुन्नीगंज के बीच ‘डाउनलाइन‘ पर ‘तात्या‘ टीबीएम मशीन द्वारा टनलिंग का कार्य जारी है, जिसके मार्च में पूरा हो जाने की संभावना है।
‘तात्या‘ टीबीएम मशीन के अंतिम ब्रेकथ्रू हासिल कर लेने के बाद चुन्नीगंज-नयागंज भूमिगत सेक्शन के टनल निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि टीम के कुशल क्रियान्वयन से मेट्रो का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। कानपुर मेट्रो के लगभग 8.6 किमी लंबे दोनों भूमिगत सेक्शन के निर्माण में कुल चार टनल बोरिंग मशीनों (टीबीएम मशीनों) का प्रयोग किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल और सहयोग से ट्रैक, ट्रैक्शन, सिग्नलिंग, ईएण्डएम आदि से संबंधित कार्य भी आरंभ किए जा चुके हैं। वर्तमान में कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के प्रथम कॉरिडोर के अंतर्गत चुन्नीगंज-नयागंज भूमिगत सेक्शन के अलावा कानपुर सेंट्रल-ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत सेक्शन पर और बारादेवी-नौबस्ता उपरगिमी सेक्शन पर भी निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
कानपुर सेंट्रल से नयागंज की ओर लगभग 1250 मीटर के स्ट्रेच पर ’आजाद’ टीबीएम द्वारा ’अप-लाइन’ पर और ‘विद्यार्थी‘ टीबीएम मशीन द्वारा ‘डाउनलाइन‘ पर टनल का निर्माण किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Magh Purnima 2024: माघी पूर्णिमा पर हजारों श्रृद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी…यहां जानें- दान करने का महत्व
